पंजाब के लोगों को ठगने वाले दो टटलू गिरफ्तार
तीन दिन पूर्व पंजाब के लोगों को नकली सोने की ईंट बेचने के बहाने बुलाकर ठग लिया। पुलिस ने लोगों को ठगने वाले टटलूबाजी के गिरोह दो सदस्यों को दबोच लिया।उनसे नकली सोने की ईंट का टुकड़ा एवं नकदी बरामद की है।
कोसीकलां: गांव विशंभरा में दो दिन तक दबिश देने के बावजूद टटलू गिरोह का सरगना हाथ नहीं लगा तो पुलिस ने पकड़े गए गिरोह के दो सदस्यों को गुरुवार सुबह गिरफ्तार दिखा गुडवर्क उजागर कर दिया। दबोचे टटलूबाजों से नकली सोने की ईंट का टुकड़ा एवं नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार पंजाब के गांव चंदूरैया संगरूर निवासी परमजीत एवं उसके मित्र गुरदीप को टटलुबाजों ने नकली सोने की ईंट बेचने के बहाने कोसी बुला 15 हजार रुपए ठग लिए थे। पीड़ितों ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया तो पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को दो दिन पूर्व उठा लिया। पूछताछ में इन्होंने अपने नाम अरमान पुत्र चांद धोबी निवासी सराय शाही कोसीकलां एवं बच्चू पुत्र छाजू जाट निवासी थोक कथैरिया पैगांव शेरगढ़ बताया। इन्होंने बताया कि गिरोह का
सरगना हुन्ना, हासमीन, आशी निवासी गांव विशम्भरा हैं। पुलिस दो दिन से गांव विशंभरा में दबिश दे रही थी पर सरगना हाथ नहीं लगे।
सीओ जगदीश कालीरमन ने बताया कि अरमान ब्रजवासी तिराहे के समीप कपड़ों पर प्रेस करता है। पंजाब की पार्टी को उसी ने टेंपो में बिठाकर बच्चू के साथ भेजा था। पुलिस ने दोनों को गुरुवार को आगरा नहर के पास से सुबह साढ़े आठ बजे गिरफ्तार दिखाया है।