Mathura News: तीन हत्याओं के बाद यूपी छोड़कर भागा आरोपित, हरियाणा बनाया ठिकाना, छह साल बाद पुलिस ने पकड़ा
Mathura News वर्षों तक उत्तर प्रदेश हरियाणा राजस्थान और दिल्ली पुलिस के लिए सिरदर्द रहे शेरखां और शाहुन गैंग का आरोपित सक्रिय सदस्य था। गैंग के साथ मिलकर आरोपित आपराधिक वारदात करता था। सीओ छाता गौरव त्रिपाठी ने बताया आरोपित के आपराधिक रिकार्ड को खोजा जा रहा है।
मथुरा, जागरण टीम। मथुरा जिले के विशंभरा गांव में तीन लोगों की हत्या कर भागे ईसरी उर्फ इशराइल को थाना शेरगढ़ पुलिस और स्वाट ने शुक्रवार रात संयुक्त आपरेशन में दबोच लिया। वर्ष 2019 में आरोपित की गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार अपना ठिकाना बदल रहे आरोपित की हरियाणा पुलिस को भी तलाश थी।
हत्याकांड में गवाही न देने पर धमकाया था
थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव विशंभरा में वर्ष 2012 में दो सगे भाई हकमू और खुर्शीद की हत्या में शामिल रहे ईसरी उर्फ इशराइल जेल चला गया और जेल से छूटने के बाद उसने दोहरे हत्याकांड के गवाहों को गवाही न देने के लिए धमकाया। जब वह धमकियों से नहीं डरे तो उसने वर्ष 2018 में कुर्सीद की गोली मारकर हत्या कर दी। इसमें एक महिला भी गोली लगने से घायल हुई थी। इसके बाद आरोपित विशंभरा अपनी कुछ संपत्ति को बेचकर हरियाणा के मेवात क्षेत्र में जाकर छिप गया। पुलिस ने वर्ष 2019 में आरोपित की गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया, थाना प्रभारी शेरगढ़ सोनू कुमार, सर्विलांस प्रभारी विकास कुमार और स्वाट को आरोपित की गिरफ्तारी का दायित्व सौंपा गया।
पुलिस कर रही थी लोकेशन ट्रेस
एसपी देहात त्रिगुण बिसेन और सीओ छाता गौरव त्रिपाठी आरोपित की गिरफ्तारी की कार्रवाई की लगातार मानीटरिंग कर रहे थे। रात को ईसरी अपने गांव में वारदात के उद्देश्य से आ रहा था। पुलिस को इसकी लोकेशन मिल गई। पैगांव अड्डा पर नाकाबंदी कर ईसरी को दबोच लिया। आरोपित से एक तमंचा और दो कारतूस 315 बोर बरामद हुए हैं।
एसएसपी ने बताया, आरोपित से जब पूछताछ की गई तो उसने पुलिस को बताया, कुर्सीद की हत्या के बाद वह कभी हरियाणा तो कभी राजस्थान में छिपकर रह रहा था। हरियाणा में आरोपित हथियारों की तस्करी भी करता था।