मौसम रहा खुला, गलन ने नहीं छोड़ा साथ
जागरण संवाददाता मथुरा नववर्ष के पहले दिन मौसम तो खुला रहा लेकिन गलन ने फिर भी साथ नहीं छोड़ा। धूप के बीच सांय-सांय हवाओं का चलना जारी रहा। रात तक सर्दी का सितम बना रहा।
मथुरा: नववर्ष के पहले दिन मौसम तो खुला रहा, लेकिन गलन ने साथ नहीं छोड़ा। धूप के बीच सांय-सांय हवाओं का चलना जारी रहा। रात तक सर्दी का सितम बना रहा।
कृष्ण की नगरी में पिछले कुछ दिनों से ठंड ने हलकान कर रखा है। न्यूनतम पारा 0.5 डिग्री तक पहुंच चुका है। बर्फीली हवाएं अपना सितम ढा रही है। सड़क ही नहीं घर-कार्यालयों तक में बैठना मुश्किल हो रहा है। अलाव, रूम हीटर भी सुकून नहीं दे पा रहे हैं। कपड़े दो से तीन दिन में सूख पा रहे हैं। सूरज अपनी लुका-छिपी खेल रहा है। हालांकि बुधवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। सूरज बादलों के बीच से झांक रहा था। धूप भी बराबर निकल रही थी। कुछ तपिश भी थी, लेकिन गलन कायम रही। सर्द हवाएं भी लगातार चल रही थी। लोग हथेलियों को लगातार घिस रहे थे। घरों में कैद लोगों को भी राहत नहीं मिल पा रही थी। गृहणी अनीता ने बताया कि मौसम खुलना राहत भरा रहा। अच्छी धूप में सिकाई भी हो गई। कपड़े भी काफी हद तक सूख गए थे। गलन जरूर परेशान करती रही। इसी तरह नौकरीपेशा रोहित ने बताया कि हाल फिलहाल गलन से राहत मिलना मुश्किल ही लग रहा है। मकर संक्रांति के बाद ही मौसम में बदलाव आ सकता है। मगर, इस समय दिन काटने काफी मुश्किल हो रहे हैं।
9.30 बजे तक कोहरे की चादर: धूप भले ठीक-ठाक निकल आई हो, लेकिन काफी देर तक शहर पर कोहरे की चादर बिछी रही। लगभग सुबह 9.30 बजे तक यही आलम बना रहा। इस बीच सड़क पर दौड़ रहे वाहनों को चलने में समस्या आई। मौसम खुलने के बाद रास्ते साफ दिखने लगे।