भाकियू का एलान, अब शांत नहीं बैठेंगे किसान
भारतीय किसान यूनियन (भानू) की महापंचायत के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने एलान किया कि अब किसान ज्यादा दिन तक शांत नहीं बैठेगा। लगातार किसान समस्याओं के जाल में उलझता चला जा रहा है। सरकार जो घोषणाएं कर रही है उससे किसानों का भला नहीं होने वाला है। किसानों का उत्थान तभी होगा
मथुरा: भारतीय किसान यूनियन (भानू) की महापंचायत के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने एलान किया कि अब किसान ज्यादा दिन तक शांत नहीं बैठेगा। लगातार किसान समस्याओं के जाल में उलझता चला जा रहा है। सरकार जो घोषणाएं कर रही है, उससे किसानों का भला नहीं होने वाला है। किसानों का उत्थान तभी होगा, जब सरकार धरातल पर उनकी बुनियादी समस्याओं का निस्तारण करेगी।
डैंपियर नगर किसान भवन में रविवार को महापंचायत का अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन केंद्र सरकार से स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू किए जाने की मांग करता चला आ रहा है, लेकिन सरकार नहीं सुन रही है। गोवंश से किसान परेशान है। फसलों को उजाड़ रहे जानवरों से छुटकारा दिलाने के किए जा रहे प्रयास भी नाकाफी है। नहरों की साफ सफाई में सिचाई विभाग के अफसर जमकर घोटाला कर रहे हैं और इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गांवों में शराब की दुकान खोल दी गई है। उनको बंद नहीं किया जा रहा है। इससे गांवों का माहौल बिगड़ रहा है। हालात यह हैं कि किसानों को समर्थन मूल्य तक नहीं मिल पा रहा है। जिन फसलों का समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है, उनको खरीदने के लिए सरकारी केंद्र तक नहीं खोले जा रहे हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता हरेश ठेनुआ ने बताया कि महापंचायत में फैसला किया गया कि पहले प्रशासन के साथ वार्ता करके जिला स्तर पर समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। अगर नहीं होता है तो प्रदेश और देश व्यापी आंदोलन किए जाएंगे। पंचायत में राधाकांत शास्त्री, सुनील सिंह, महेंद्र राजपूत, देवेंद्र पहलवान, जगदीश रावत, रमेश सिकरवार, रीतराम सिंह भी मौजूद रहे।