48.5 पर ठहरा तापमान, गर्मी से झुलसता जीवन
सोमवार को सूबे में सबसे गर्म रहा मथुरा वायुमंडल में गिरा नमी का स्तर ब्लर्ब राया में भी दो डिग्री सेल्सियस चढ़ा पारा न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री से बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच
जागरण संवाददाता, मथुरा : सोमवार को अपना शहर सूबे में सबसे गर्म रहा। प्रचंड गर्मी जनजीवन झुलसाने लगी है। फरह के केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान मखदूम के तापमापी पर तीसरे दिन सोमवार को भी अधिकतम तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस बना रहा। कृषि संभागीय परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र राया के तापमापी ने 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज कराई। 43 डिग्री से बढ़कर 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री से बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वायुमंडल में नमी का स्तर घटकर 12 रह गया।
आसमान से बरस रही आग से जमीं धधक रही है। फरह और राया के बीच अधिकतम तापमान में तीन डिग्री का अंतर रह गया है। दो दिन पहले तक दोनों ही तापमापी केंद्रों में 5 डिग्री सेल्सियस का अंतर बना हुआ था। इसमें बढ़ोतरी होने के साथ गर्मी प्रचंड हो गई। रात और दिन में पड़ रही गर्मी से शरीर भी झुलसने लगा है। लू के थपेड़े असहनीय हो गए हैं। सर्वाधिक गर्मी की मार निचला तबका झेल रहा है। झुग्गी-झोंपड़ी में जीवन बसर कर रहे लोग व्याकुल हैं। हालत यह हो गई है कि घर के बाहर कहीं भी सुकून नहीं मिल पा रहा है। इंसानों के साथ पशु-पक्षी भी गर्मी की मार से नहीं बच पा रहे हैं। गांव देहात से मजदूरी करने के लिए अनाज मंडियों में आ रहे श्रमिकों की संख्या में गिरावट आने लगी है। दोपहर में गली मुहल्ले और सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। ठेल ढकेल वाले भी पेड़ों की छांव में ऊंघते नजर आते हैं। सरल हेल्थ केयर के फिजीशियन डॉ. आशीष गोपाल ने लोगों को पूरा बदन व सिर ढककर ही घर से निकलने की सलाह दी है। उनका कहना है कि पानी और नींबू का अधिक सेवन करते रहें। अधिक धूप के कारण त्वचा झुलसती है, उसकी सुरक्षा के उपाय करके ही घर से निकलें।