टेलीकाम कंपनी के कर्मचारी की गला रेत कर हत्या
थाना मगोर्रा क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी और शव को गांव मकहेरा के पास रजबहा में फेंक दिया। गुरुवार सुबह युवक का शव मिला। युवक एक टेलीकाम कंपनी में कर्मचारी था। मोबाइल बैग और नकदी गायब है जबकि उसकी मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब तीस-चालीस मीटर दूर पड़ी मिली है। लूट का विरोध करने पर भी हत्या की आशंका से है। स्वजन रंजिश से इन्कार कर रहे हैं।
संवाद सूत्र, मगोर्रा: थाना मगोर्रा क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी और शव को गांव मकहेरा के पास रजबहा में फेंक दिया। गुरुवार सुबह युवक का शव मिला। युवक एक टेलीकाम कंपनी में कर्मचारी था। मोबाइल, बैग और नकदी गायब है, जबकि उसकी मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब तीस-चालीस मीटर दूर पड़ी मिली है। लूट का विरोध करने पर भी हत्या की आशंका से है। स्वजन रंजिश से इन्कार कर रहे हैं।
थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव लठाकुरी निवासी अर्जुन (24) एक टेलीकाम कंपनी में काम करते थे। शाम को वह काम समाप्त कर अपनी मोटरसाइकिल से गांव को निकले। देर रात तक घर नहीं पहुंचे। स्वजन ने अर्जुन के मोबाइल पर काल किया। उनका मोबाइल फोन बंद था। देर रात तक स्वजन अर्जुन की जानकारी हासिल करने को रिश्तेदार और उसके दोस्तों से संपर्क करते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार मथुरा-भरतपुर मार्ग स्थित गांव मकहेरा के पास रजबहा में अर्जुन का शव मिला। धारदार हथियार से अर्जुन का गला रेता गया था। अर्जुन के चाचा विजयपाल और चचेरे भाई विवेक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने शव की शिनाख्त अर्जुन के रूप में की। युवक की हत्या होने की सूचना पर एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र और थाना प्रभारी मनोज कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। विजयपाल सिंह ने बताया, अर्जुन का मोबाइल, बैग और नकदी गायब हैं। उन्होंने किसी से रंजिश होने से इन्कार किया। घटनास्थल पर सामान नहीं मिलने से युवक के साथ लूट की आशंका व्यक्त की जा रही है। लूट का विरोध करने पर उसकी हत्या करन की संभावना ग्रामीण व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस लूट होने की घटना से इन्कार कर रही है। एसपी देहात श्रीश्चंद्र का कहना है, युवक की मोटरसाइकिल घटनास्थल के करीब मिली है। इससे लूट की संभावना नहीं है। उनका कहना था, शव को नहर में फेंका गया था। उसका सामान भी नहर में हो सकता है। नहर में पानी है। युवक के सामान की नहर में तलाश कराई जा रही है। मृतक के चचेरे भाई विवेक ने अुर्जन की हत्या की अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।