स्विट्जरलैंड के जोड़े ने हिदू रीति रिवाज से की शादी
मंदिर में बग्घी पर चढ़ बरात लेकर पहुंचा दूल्हा दुल्हन पक्ष ने किया स्वागत दोना पत्तल और कुल्हड़ में परोसे भारतीय व्यंजन
वृंदावन, जासं। स्विट्जरलैंड के युगल को सनातन परंपरा ऐसी भाई कि उन्होंने शादी भी हिदू रीतिरिवाज से ही करने का फैसला ले लिया। दो माह से वृंदावन में रह रहे युगल ने मथुरा मार्ग स्थित मुंगेर मंदिर गुरुवार को शादी रचा ली। बग्घी पर सवार दूल्हा बरात लेकर पहुंचा, तो जनातियों ने स्वागत किया। दोना-पत्तल में ही भारतीय व्यंजन परोसे गए।
स्विट्जरलैंड निवासी रेफियाल उर्फ रामानंद राय ने स्विट्जरलैंड की ही अपनी प्रेमिका कल्याणी ने साथ फेरे लिए। रेफियाल ने बताया कि वे भारत कई बार आए। यहां की हिदू परंपराओं से काफी प्रभावित थे। एक बार हिदू रीतिरिवाज से हुई शादी में भाग लिया, तो काफी अच्छा लगा। उन्होंने कल्याणी के साथ शादी करने का फैसला लिया, तो उसके सामने भी हिदू रीतिरिवाज के साथ शादी करने का प्रस्ताव रख दिया। इससे पहले कल्याणी को भी हिदू विवाह समारोह के बारे में पूरी जानकारी दी, तो कल्याणी भी इससे प्रभावित हुईं। दोनों ने वृंदावन में शादी का फैसला लिया। यहीं रिश्तेदार और परिजन बुला लिए। शादी से पहले बुधवार को लग्न की रस्म हुई। गुरुवार दोपहर रेफियाल बग्घी में बैठ बरात लेकर मुंगेर मंदिर पहुंचे, यहांर कल्याणी के परिजनों ने स्वागत किया। इसके बाद वरमाला हुई और वैदिक परंपरा के साथ दोनों ने अग्नि को साक्षी मान फेरे लिए। बरात के लिए जो दावत हुई, उसमें भी भारतीयता दिखी। पत्तल, दोना और मिट्टी के कुल्हड़ में भारतीय व्यंजन परोसे गए।