आंधी संग बिजली गिरी, गेहूं की फसल जली
पीलुआ सादिकपुर में गेहूं की फसल में लगी आग वायुमंडल में उड़ता नजर आया प्रदूषण
जागरण संवाददाता, मथुरा: मौसम विभाग की ओर से दो दिन पूर्व जारी किया गया अलर्ट सही साबित हुआ। शुक्रवार की शाम जिलेभर में तेजी आंधी चली। करीब एक घंटे अंधड़ चलने के बाद बूंदाबांदी भी हुई। तेज आंधी से खेतों में पड़ा भूसा और गेहूं के पूरे उड़ गए। थाना फरह क्षेत्र के गांव पीलुआ सादिकपुर में आकाशीय बिजली गिरने से गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
शुक्रवार शाम को मौसम बदल गया और आंधी चलने लगी। गांव पीलुआ सादिकपुर में श्यामवीर के खेत में गेहूं खड़ी फसल पर आकाशीय बिजली गिरने से आग लग गई। आग आसपास के खेतों की फसलों में पहुंच गई। आधा दर्जन से अधिक किसानों के फसल को चपेट में ले लिया। सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गए। सूचना पर फरह पुलिस और दमकल भी पहुंच गई। तब तक करीब 50 बीघा गेहूं की फसल जल चुकी थी। श्यामवीर, देवेंद्र, कलुआ, योगेंद्र, विष्णु, मुकेश, गोपाल, पूरन आदि की फसल चौपट हो गई।
गांव धानातेजा के किसान जगपाल सिंह ने बताया कि आंधी से किसानों का नुकसान हुआ है। भूसा और गेहूं के पूरे उड़ गए हैं।
वैज्ञानिक डॉ.एसके मिश्रा ने बताया कि मौसम विभाग पहले ही जानकारी दे चुका है। खराब मौसम को देख किसान परेशान हैं। पिछले साल 13 अप्रैल को जिले में ओले पड़े थे, इसलिए किसानों को सावधान रहने की जरूरत है। शनिवार और रविवार को भी मौसम खराब रह सकता है।