विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा: SBI की शाखा में शार्ट सर्किट से आग, फर्नीचर और बिजली उपकरण जले

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 22 Oct 2026 10:27 AM (IST)

मथुरा के छाता थाना क्षेत्र के तरौली गांव में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट ...और पढ़ें

मथुरा में तरौली स्थित एसबीआई की शाखा।

मथुरा में तरौली स्थित एसबीआई की शाखा।

HighLights

  1. मथुरा के तरौली गांव में एसबीआई शाखा में आग।

  2. ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया गया काबू।

जागरण संवाददाता, मथुरा। छाता थाना क्षेत्र के तरौली गांव में अकबरपुर-शेरगढ़ मार्ग स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में बुधवार देर रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से बैंक के अंदर रखा कुछ फर्नीचर और बिजली उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। बैंक में लगे जनरेटर के बार-बार बंद होने और चालू होने की आवाज सुनकर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।

ग्रामीणों की सूचना पर शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। एसबीआइ की शाखा पहले तरौली के मुख्य बाजार में संचालित हो रही थी। 12 अक्टूबर को इसे अकबरपुर-शेरगढ़ मार्ग स्थित नए भवन में स्थानांतरित किया गया था। बुधवार शाम सात बजे शाखा प्रबंधक हेमंत कुमार बैंक बंद कर घर चले गए थे।

रात करीब दो बजे बैंक में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग के कारण बैंक में लगा जनरेटर बार-बार बंद और चालू होने लगा।जनरेटर की आवाज सुनकर पास में रहने वाले ग्रामीण विजय को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल शाखा प्रबंधक को फोन कर घटना की जानकारी दी। वहीं, ग्रामीण वकील ने भी बैंक में आग लगने की सूचना मिलने पर बिजली आपूर्ति बंद कराई।

इससे आग पर काबू पाने में मदद मिली। शाखा प्रबंधक रात तीन बजे बैंक पहुंचे। उन्होंने ताला खोलकर अंदर देखा तो आग लगी हुई थी। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर पानी की मदद से आग बुझाई। घटना की जानकारी मिलने पर छाता पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आग से कुछ फर्नीचर और बिजली उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटना की जानकारी बैंक के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।