साक्षी महाराज का दावा, भाजपा का लक्ष्य 2019 चुनाव से पहले मंदिर का निर्माण
मथुरा के वृंदावन में साक्षी महाराज ने दावा किया है कि भाजपा 2019 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू करने के बाद ही उतरेगी।
मथुरा (जेएनएन)। तल्ख बयानों से भारतीय जनता पार्टी को अक्सर ही असहज करने वाले सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने अब नया दावा किया है। मथुरा के वृंदावन में साक्षी महाराज ने दावा किया है कि भाजपा 2019 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू करने के बाद ही उतरेगी।
साक्षी महाराज ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले हर हाल में सारी बाधाएं दूर करके ही चुनाव मैदान में जाएंगे। साक्षी महाराज ने कहा कि अब उचित समय आ गया है जब अयोध्या में भगवान श्रीराम को टेंट से निकालकर भव्य मंदिर में विराजमान कराया जाए। साक्षी महाराज ने कहा कि राममंदिर का निर्माण देशवासियों की आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के कारसेवकपुरम में मंदिर निर्माण के लिए पत्थर तराशने का कार्य जारी है।
उन्नाव से भारतीय जनता पार्टी के सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने परिक्रमा मार्ग पर आश्रम में कहा कि मंदिर निर्माण के लिए पत्थर तराशने का कार्य जारी है। अयोध्या में मंदिर निर्माण का काम कभी थमा ही नहीं था। सारे बंधन और बाधाओं को दूर करने की कोशिश जारी है। पार्टी का प्रयास है कि लोकसभा चुनाव से पहले हर हाल में सारी बाधाएं दूर करके ही चुनाव मैदान में जाएंगे।
यह पहला मौका नहीं है जब साक्षी महराज ने राम मंदिर पर बयान दिया हो। वह इससे पहले भी कई बार इस मुद्दे पर बोल चुके हैं। कुछ महीने पहले ही उन्होंने कहा था कि राम मंदिर बनाने का काम किसी सरकार का नहीं है। मंदिर तो संत लोग बनवा देंगे, सरकार का काम केवल अड़चन दूर करना है।
राष्ट्रपति भवन में 'राम' विराजमान
देश में राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामनाथ कोविंद की जीत पर उन्होंने कहा कि अब तो 'राम' राष्ट्रपति भवन में जा रहे हैं। समय आ गया है कि अयोध्या में भी भगवान श्रीराम को टेंट से बाहर निकालकर उनके भव्य मंदिर में विराजमान कराया जाए।
यह भी पढ़ें: योगी और अखिलेश सरकार में राज्यपाल ने देखा एक जैसा काम
चीन के देश की सीमा पर सेना तैनात करने के सवाल पर डॉ. साक्षी ने कहा कि पहले तो हम चीन को छेड़ेंगे नहीं और अगर चीन ने हमें छेड़ा तो उसे छोड़ेंगे भी नहीं।
यह भी पढ़ें: जीएसटी का फुल फॉर्म बताने में साक्षी महाराज फेल, बोले ये इनकम टैक्स देने की व्यवस्था
नरेंद्र मोदी सरकार ने भारत भी वैश्विक स्तर पर बड़ी शक्ति के रूप में उभारा है। इसी कारण से अपनी दुकान को प्रभावित होते देख चीन भारत को आंख दिखाने की कोशिश कर रहा है।
यह भी पढ़ें: अशरफ अपहरण कांडः दो दारोगाओं को 10-10 साल की सजा