मांट टोल पर लगी वाहनों की लगी लंबी कतार,जाम
एक्सप्रेस वे पर रविवार को ट्रैफिक का रहा दबाव
सुरीर(मथुरा): यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार को आगरा से नोएडा की ओर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। जिससे मांट टोल पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। टोल पास करने के इंतजार में वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिसे काबू में करने के लिए एक्सप्रेस वे कर्मियों को काफी जिद्दोजहद करनी पड़ी। दरअसल दिल्ली और नोएडा में काम-धंधा एवं नौकरी कर रहे आगरा, इटावा, मैनपुरी एवं कानपुर की ओर से लोग दीपावली का त्योहार मनाने के बाद रविवार को यमुना एक्सप्रेस वे पर होकर वापस लौट रहे थे। इसके अलावा एनसीआर के तमाम लोग वृंदावन दर्शन कर वापस लौट रहे थे। यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहनों की तादात सुबह से लगातार बढ़नी शुरू हो गई थी। विशेषकर आगरा से नोएडा की ओर जा रहे वाहनों की मांट टोल पर लंबी कतार लग जाने से उन्हें टोल पास करने के लिए अपनी बारी का काफी इंतजार करना पड़ा। जिससे मांट टोल पर जाम की स्थिति बन जाने से अफरा तफरी मचनी शुरू हो गई। जिसे देख टोल कर्मचारियों के हाथ पैर फूल गए। लंबी कतार में लगे वाहनों टोल पास कराने के लिए पुलिस की भी मदद लेनी पड़ी। देर शाम मांट टोल पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया था। जिससे आगरा से नोएडा की ओर जाने वाली साइड पर दो किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई थी। एक्सप्रेस वे के सूत्रों के मुताबिक आम दिनों के मुकाबले रविवार को ट्रैफिक का दबाव काफी अधिक रहा। रोजमर्रा में 10-12 हजार वाहन निकल रहे थे लेकिन त्यौहार कर वापस लौटने की वजह से रविवार शाम तक मांट टोल पर दोनों ओर से करीब 40 हजार से अधिक वाहन निकल चुके थे। टोल प्लाजा मैनेजर सईद रफी अहमद रिजवी ने बताया कि त्योहार के बाद ट्रैफिक बढ़ने के मद्देनजर पहले से इंतजाम किए गए थे। जिसमें प्रत्येक रोड की लाइन में बैरिके¨डग और कैसन टैप लगाया गया था। लेकिन टोल वसूलने में समय लगता है जिससे चलते वाहनों को टोल पास करने के लिए इंतजार करना पड़ता है।