यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Premanand Ji Maharaj: श्रीराधा पर कथावाचक ने की विवादित टिप्पणी, नाराज हुए संत प्रेमानंद महाराज ने कर दिया चैलेंज
ब्रज की स्वामिनी भगवान श्रीकृष्ण की आह्लादिनी शक्ति राधारानी पर शिवकथा वाचक प्रदीप मिश्रा की टिप्पणी से संत प्रेमानंद बेहद ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मथुरा। ब्रज की स्वामिनी, भगवान श्रीकृष्ण की आह्लादिनी शक्ति राधारानी पर शिवकथा वाचक प्रदीप मिश्रा की टिप्पणी से संत प्रेमानंद बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा कि लाडली जी के बारे में कुछ भी बोलना ठीक नहीं है। प्रदीप मिश्रा मेरे सामने बैठ जाएं तो बिना बोले राधा की महिमा जान जाएंगे।
संत प्रेमानंद महाराज का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। उधर, कथावाचक की टिप्पणी पर ब्रज के संतों और गोस्वामी समाज ने भी आक्रोश व्यक्त किया है। बीते दिनों बरसाना में कथावाचक का पुतला फूंककर सात दिन में राधारानी से मंदिर में आकर माफी मांगने की चेतावनी दी गई थी।
कथावाचक ने कही थी ये बात
मध्य प्रदेश के सीहोर निवासी शिवकथा वाचक प्रदीप मिश्रा का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित है। इसमें उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की 16108 रानियों में राधा का नाम नहीं है। राधारानी का विवाह तो छाता निवासी अनय घोष के साथ हुआ था। बरसाना भी उनकी जन्मस्थली नहीं है। उनकी जन्मस्थली रावल है। बरसाना में तो उनके पिता बृषभानु कचहरी लगाते थे। इसमें वर्ष में एक बार राधरानी आती थीं। इसलिए उसे बरसाना कहा गया। उनके इस बयान से ब्रज में आक्रोश है।
प्रख्यात संत प्रेमानंद महाराज ने प्रदीप मिश्रा की टिप्पणी के जवाब में कहा कि लाडली जी के बारे में जो चाहे बोल दो, ये ठीक नहीं। उनके सेवक काल के भी महाकाल हैं। उन्होंने प्रदीप मिश्रा को चुनौती देते हुए कहा कि मेरे सामने बैठें, मेरे बिना बोले राधा की महिमा के बारे में जान जाएंगे। उनकी मति मारी गई है।
