विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरसाना में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, सुनने को उमड़ी लाखों की भीड़; कई घंटों तक लग रहा जाम

By Virendra Kumar Verma Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 01 Oct 2026 01:32 PM (IST)

कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने बरसाना में शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन महादेव को विश्वास का देवता बताया, कहा ...और पढ़ें

बरसाना में कथा सुनाते पं. प्रदीप मिश्रा। दूसरे फोटो में कथा सुनने को उमड़ी भीड़।

बरसाना में कथा सुनाते पं. प्रदीप मिश्रा। दूसरे फोटो में कथा सुनने को उमड़ी भीड़।

संवाद सूत्र, बरसाना (मथुरा)। जहां ब्रज की रज में राधारानी के चरणों की अनुभूति होती है, जहां हर सांस में राधे-राधे का नाम बसा है, उसी बरसाना धाम में इन दिनों भगवान शिव की भक्ति का सागर हिलोरें मार रहा है।

शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन बुधवार को कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि महादेव विश्वास के देवता हैं। जिस मन में शिव के प्रति सच्चा भरोसा जाग जाता है, वहां भय और निराशा टिक नहीं सकती। सच्ची श्रद्धा के साथ भक्त महादेव का स्मरण करता है तो भगवान शिव संकट की घड़ी में उसका हाथ थाम लेते हैं।

बरसाना के समीप गांव गाजीपुर में चल रही कथा में कथावाचक ने कहा कि मनुष्य संसार में धन, संपत्ति और संबंधों पर भरोसा करता है। किसी को लगता है कि कठिन समय में धन काम आएगा तो कोई अपने संबंधों को सहारा मानता है। लेकिन शिव महापुराण मनुष्य को परमात्मा पर भरोसा करना सिखाता है।

महादेव को आडंबर नहीं चाहिए। सच्चे मन से अर्पित किया गया एक बेलपत्र और निर्मल भाव ही उनके लिए पर्याप्त है। उन्होंने श्रद्धालुओं से विनम्रता, सेवा और विश्वास को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

Ram Dev

कथास्थल पर पं. प्रदीप मिश्रा से भेंट करते योग गुरु रामदेव। 

बाबा रामदेव ने दिया स्वदेशी का संदेश

बुधवार को कथा स्थल पर योग गुरु बाबा रामदेव भी पहुंचे। उन्होंने शिव महापुराण कथा को भक्ति का महासागर बताते हुए कहा कि सनातन के प्रति जागरूकता बढ़ाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल एडिक्शन के कारण बच्चे, युवा और बुजुर्ग अपना बहुमूल्य समय मोबाइल में गंवा रहे हैं। मोबाइल का उपयोग जरूरत के अनुसार हो, लेकिन जीवन का आधार सत्संग, ज्ञान और सकारात्मक विचार बनें।

pradeep Mishra Katha barsana

हजारों की क्षमता वाला पंडाल भरने के बाद कथा सुनने को बाहर बैठे लोग।

कई किमी लंबा जाम

राधारानी की नगरी में नंदगांव-बरसाना मार्ग पर गाजीपुर और संकेत के बीच सड़क किनारे 28 सितंबर से प्रदीप मिश्रा की शिव कथा चल रही है। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ कथा पंडाल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर आसपास के मार्गों पर भी दिखाई दे रहा है।

कथा स्थल के दोनों ओर कई किलोमीटर तक जाम लगने से नंदगांव और बरसाना आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी घंटों परेशानी झेलनी पड़ रही है। कथा के पहले दिन ही जिलाधिकारी और एसएसपी ने कथा स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भीड़ का आकलन किया था। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नजर नहीं आ रहा है।

हालात यह हैं कि वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं। स्कूली बच्चों, स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को भी इस अव्यवस्था का खमियाजा भुगतना पड़ रहा है।