दस हजार रुपये के लिए उड़ाईं शारीरिक दूरी की धज्जियां
फोटो एमटीएच - 112 नगर निगम परिसर में डूडा दफ्तर के सामने पंजीकरण को उमड़े स्ट्रीट वेंडर
संवाद सहयोगी, वृंदावन : केंद्र सरकार द्वारा स्ट्रीट वेंडरों के लिए कर्ज के रूप में दस हजार रुपये दिए जाने की जानकारी मिलते ही स्ट्रीट वेंडरों की भीड़ बुधवार को नगर निगम परिसर स्थित डूडा दफ्तर के बाहर जमा हो गई। इस दौरान न तो सामाजिक दूरी का पालन होता नजर आया और न ही अधिकतर लोगों के चेहरे पर मास्क ही थे। नगर निगम प्रशासन ने मामले में हस्तक्षेप कर लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की।
नगर निगम वृंदावन जोन परिसर स्थित डूडा कार्यालय में बुधवार को स्ट्रीट वेंडरों का पंजीकरण हुआ। पंजीकरण करवाने के लिए शहर के स्ट्रीट वेंडरों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। अपना पंजीकरण पहले करवाने के चक्कर में न तो लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन किया और न ही चेहरे पर मास्क लगाना उचित समझा। जब ये मामला काफी देर बाद अपर नगर आयुक्त सतेंद्र कुमार तिवारी के संज्ञान में आया तो उन्होंने निगम के कर्मचारियों को भेजकर लोगों को दूर खड़ा करवाया और भीड़ न हो इसके लिए कुछ लोगों को निगम परिसर में एंट्री तब तक रोक दी, जब तक कि अंदर के लोगों का पंजीकरण न हो जाए। यहां पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।