स्टेज पर नहीं पहुंचीं गायिका पलक मुच्छल, मथुरा में प्रशंसकों का जमकर हंगामा
मथुरा में अग्रसेन जयंती महोत्सव में पार्श्व गायिका पलक मुच्छल का कार्यक्रम रद्द होने से प्रशंसक भड़क गए और हंगामा ...और पढ़ें
HighLights
बीएसए कॉलेज परिसर में हजारों प्रशंसकों ने किया हंगामा।
आयोजक पलक मुच्छल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
जागरण संवाददाता, मथुरा। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव मेला में पार्श्व गायिका पलक मुच्छल को गुरुवार को बुलाया गया था। उन्हें सुनने के लिए शाम सात बजे से ही हजारों की संख्या में प्रशंसक कार्यक्रम स्थल बीएसए कालेज परिसर पहुंचने लगे। रात करीब 11.45 बजे पलक मुच्छल का कार्यक्रम निरस्त हो गया। इससे नाराज प्रशंसकों ने हंगामा किया। किसी तरह उन्हें आयोजकों ने शांत किया।
तीन दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव मेला का गुरुवार को समापन था।। अंतिम दिन पार्श्व गायिका पलक मुच्छल को आना था। उन्हें सुनने के लिए शाम सात बजे से ही हजारों की संख्या में प्रशंसक बीएसए कालेज परिसर पहुंच चुके थे। बताते हैं कि पलक मुच्छल कार्यक्रम करने के लिए शहर में शाम को आ गई थीं। वे एक स्थानीय होटल में ठहरी थीं।
जिस इवेंट कंपनी को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उसके लोगों ने पार्श्व गायिका का होटल में स्वागत किया। इसके बाद रात में अचानक उन्होंने कार्यक्रम में कुछ शर्तों का हवाला देकर कार्यक्रम स्थल पहुंचने से मना कर दिया। रात करीब 11.45 बजे प्रशंसको को यह जानकारी दी गई। इस पर हंगामा शुरू हो गया।
करीब एक घंटे से अधिक समय तक हंगामा होता रहा। किसी तरह आयोजकों ने उन्हें समझाया। श्री अग्रवाल सभा के चुनाव संयोजक जयंती प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि पलक मुच्छल ने समाज के साथ धोखा किया है। अंत तक वह कहती रहीं कि मैं आ रही हूं। लेकिन नहीं आईं। हम विधिक राय लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
