ओल के युवक की राजस्थान में हत्या
राजस्थान पुलिस ने दी महोली में दबिश नामजद फरार
संवाद सूत्र, फरह: गांव ओल के एक युवक की राजस्थान में शनिवार रात को गोलीमार कर हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव गांव के पास ही राजस्थान सीमा में पड़ा मिला। युवक भाड़े पर बोलेरो चलाता था। देर रात राजस्थान पुलिस ने ओल पहुंचकर युवक के संबंध में जानकारी हासिल की और थाना हाईवे क्षेत्र के गांव महोली में नामजद आरोपित के घर दबिश दी। मगर, आरोपित राजस्थान पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका।
थाना फरह क्षेत्र के गांव ओल निवासी जितेंद्र उर्फ टिल्लन (28) का शव जिले की सीमा से तीन सौ मीटर दूर रविवार सुबह जंगल में पड़ा मिला। उसकी कनपटी पर गोली मारी गई थी। शरीर पर भी चोट के निशान थे। जहां उसका शव मिला, वह मारपीट होने के भी चिन्ह पाए गए। जितेंद्र दूसरे की बोलेरो को भाड़े पर चलाने का काम करता था। युवक की हत्या की जानकारी पर ओल के ग्रामीण और पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गए। भरतपुर जिले के थाना पीपला के इंस्पेक्टर रामनाथ सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर आ गए। राजस्थान पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इंस्पेक्टर रामनाथ सिंह ने बताया, मृतक के ताऊ राधाचरण ने जितेंद्र की हत्या का मुकदमा थाना हाईवे क्षेत्र के गांव महोली निवासी रवि और अन्य के खिलाफ दर्ज कराया। ओल के ग्रामीणों से भी युवक के संबंध में जानकारी करने के बाद गांव महोली में भी दबिश दी, लेकिन आरोपित घर पर नहीं मिला। उन्होंने बताया, हत्या के पीछे स्वजन रंजिश बता रहे हैं। रवि का मृतक के घर भी आना-जाना था। उन्होंने बताया, रवि के पकड़े जाने के बाद ही जितेंद्र की हत्या के पीछे के वास्तविक कारण सामने आएंगे। वाहन लूट से राजस्थान पुलिस ने इन्कार करते हुए बताया, अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। कहा, तफ्तीश के बाद ही इसकी जानकारी हो पाएगी।