मथुरा के गांव में खूनी संघर्ष, चाचा-चाची की हत्या
संवाद सूत्र सुरीर (मथुरा) थाना क्षेत्र के गांव ब्योहीं में धान की भूसी खेत में जाने को लेकर चाच
संवाद सूत्र, सुरीर (मथुरा): थाना क्षेत्र के गांव ब्योहीं में धान की भूसी खेत में जाने को लेकर चाचा-भतीजे में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट व पथराव के बाद भतीजे ने चाचा-चाची को गोली मारकर हत्या कर दी। दंपती को लहूलुहान हालत में महिलाएं घर में खींचकर ले गईं और लाठी से पति के के हाथ-पैर के नाखून भी कुचले। संघर्ष में दंपती के दो बेटों सहित तीन लोग घायल भी हुए हैं। घटना के बाद आरोपित परिवार बंदूक के साथ थाने पहुंच गया। एक दिन पहले झगड़े की सूचना पर भी सतर्कता नहीं बरतने पर खायरा चौकी प्रभारी सहित दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
गांव ब्योंही में सोमवार को अशोक कुमार व उनके रिश्ते के भतीजे गुलवीर के बीच विवाद हुआ था, मंगलवार सुबह दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। गुलवीर ने पत्नी सुंदरी, पुत्र बलराम व कोमल, पुत्रवधु सोनदेवी और देवकी के साथ मिलकर अशोक पर हमला बोल दिया। दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। गुलवीर ने अपनी दोनाली बंदूक से फायरिग भी शुरू कर दी। गोली लगने से अशोक कुमार घायल होकर गिर गए। उन्हें बचाने आईं अशोक की पत्नी गीता को भी गुलवीर ने गोली मार दी। दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद गुलवीर के परिवार की महिलाएं उनको घर में खींचकर ले गईं और लाठी से उनके नाखून कुचले। इसी बीच दोनों की मौत हो गई। मारपीट में दंपती के बेटे मुकेश और राजेश घायल हो गए। गुलवीर को भी चोटें आईं। मृतक दंपती के पुत्र मुकेश कुमार ने थाना सुरीर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वारदात को अंजाम देने के बाद गुलवीर दोनों पुत्रों के साथ थाने पहुंच गया। एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने बताया, चौकी प्रभारी खायरा मोहित कुमार और सिपाही अनिल कुमार ने ड्यूटी में लापरवाही की थी। दोनों को निलंबित किया गया है। गुलवीर, उसकी पत्नी और दो बेटों को हिरासत में लिया है। दोनाली बंदूक भी बरामद कर ली गई है। ये था विवाद
गांव का राजेश सोमवार को अपने थ्रेसर से गांव के ही कुंवरपाल के धान की थ्रेसरिग कर रहा था। भूसी उड़कर उसके रिश्ते के भाई गुलवीर के खेत में जा रही थी। इसका गुलवीर ने विरोध किया। शाम को राजेश ने यह बात पिता अशोक कुमार को बताई। वह भतीजे गुलवीर सिंह को समझाने पहुंचे। उन्होंने रुपये के लेनदेन का पुराना मामला भी उठाया। इसपर दोनों में कहासुनी हो गई। ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। मंगलवार को फिर दोनों आमने-सामने आ गए।