माता से की सुख-समृद्धि की प्रार्थना, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
नवरात्र के समापन पर कन्या-लांगुरा का किया पूजन
मथुरा, जासं। नवरात्र का समापन रविवार को हो गया। सुबह से ही भगवान श्रीकृष्ण की नगरी माता के जयघोषों से गूंज उठी। मंदिरों में घंटे-घड़ियाल की आवाज से वातावरण में श्रद्धा की मिठास घोल दी। घर-घर में पूजा पाठ कर कन्या-लांगुरा का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा कर नौ दिन का व्रत भी तोड़ा। देररात तक मंदिरों में दर्शन को श्रद्धालु उमड़ते रहे। श्रद्धालुओं ने मां सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
नवमी पर सुबह से ही श्रद्धा की बयार बहने लगी। मंदिरों में तड़के से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। माता के जयघोषों से वातावरण गूंज उठा।
कैंटवाली काली, चामुंडा देवी, बगलामुखी, कैलादेवी, शीतला माता, रंगेश्वर मंदिर, कंकाली के अलावा क्षेत्रीय देवी मंदिर भी श्रद्धा से लबालब थे। घरों में भी सुबह हवन यज्ञ किया गया। पूजा-पाठ के बाद कन्या-लांगुरा का पूजन हुआ और उपहार वितरित किए गए। जगह-जगह भंडारे का आयोजन चलता रहा। श्री बाल राम लीला कमेटी मथुरा ने रामवाटिका पर दूध, दही, पंचामृत के साथ अभिषेक किया। रामजी की जय-जयकार से बाटिका राममय हो गई। समिति के अध्यक्ष एड मदनमोहन अग्रवाल, प्रधानमंत्री संजय अग्रवाल, सौरभ खंडेलवाल ने आरती के बाद अखंड रामायण का पाठ शुरू किया। सुरेंद्र चौधरी, विशनदयाल सर्राफ, किशन मुरारी, कंहैया लाल, ब्रज विहारी, विपुल पारिक उपस्थित थे। नवमी पर घर-घर पूजे कन्या लांगुरा
वृंदावन: नवरात्र के समापन पर घरों में कन्या पूजन कर श्रद्धालुओं ने उन्हें उपहार बांटे। मंदिरों में रात में जागरण और मां को छप्पनभोग का आयोजन किया गया।
राधाबाग स्थित मां कात्यायनी पीठ में रविवार की भोर से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे। नवरात्र के अंतिम दिन मां का पूजन कर भक्तों ने प्रसाद अर्पित किया। कन्या पूजन कर उपहार बांटे। चामुंडा देवी मंदिर में रात देवी जागरण में भक्तों ने मां की भेंटों पर जमकर नृत्य किया। सुबह जलाभिषेक को भक्तों की कतार लगने लगी। दोपहर को भंडारे के साथ नवरात्र का समापन हुआ। कैलादेवी मंदिर, करीली वाली देवी मंदिर, पथवारी मंदिर में रात्रि जागरण में भक्तों ने मां के जयकारे लगाए। राधाबाग स्थित गंगा मंदिर में संत आनंदस्वरूप गंगाजीवाले बाबा के सान्निध्य में कन्या पूजन का आयोजन हुआ। समारोह में 108 कन्याओं को भोजन करवाकर उनका पूजन किया और उपहार बांटे।