उम्र बढ़ती है भगवान का नाम जपने से: मोरारी बापू
भव्य राम कथा के दूसरे दिन बापू ने कहा कि मंत्र के जाप से मिलती है शांति
मथुरा, जासं: रविवार की सुबह यमुना किनारे चल रही राम कथा के दूसरे दिन मोरारी बापू ने नाम की महिमा बताते हुए कहा कि भगवान का नाम जपने से मानसिक पूजा अर्चना हो जाती है। भगवान का नाम लेने वाले की आलोचना मत करो, नहीं तो नाम अपराध लगेगा। नाम की महिमा गणेशजी ने जानी तो प्रथम पूज्य पद प्राप्त हुआ। नाम जपने से उम्र बढ़ती है। कलियुग में कृतित्व का अहंकार देखने को मिल रहा है।
विश्राम घाट के सामने गोर गिरधर मोरारी उद्यान में चल रही भव्य राम कथा के दूसरे दिन मोरारी बापू ने कहा कि मंत्र से शांति मिलती है। महामंत्र से विश्रांति मिलती है। राम-कृष्ण नाम महामंत्र है, उससे विश्राम मिलता है। बापू ने कहा कि कथा सुनने से कामनाएं नष्ट हो जाती है। शरीर का रोम-रोम कथा सुनने लगता है। श्रवण की अपनी महिमा है। कथा सुनते-सुनते व्यक्ति विश्राम प्राप्त कर लेता है। साधना से वरदान की प्राप्ति होती है तो सेवा और सुमिरन का फल आशीर्वाद है। प्रसाद भगवान का अनुग्रह और कृपा है।
कथा सुनने के लिए दूरस्थ स्थानों से कथा प्रेमियों के आने का क्रम जारी है। पंडाल में जगह न मिलने पर कथा प्रेमी श्रद्धालु पंडाल के बाहर बैठकर राम कथा का रसपान कर रहे हैं।
स्वच्छता की अपील:
मथुरा: दूसरे दिन की कथा को विश्राम देते हुए मोरारी बापू ने कथा प्रेमियों से यमुना किनारे स्वच्छता बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रसाद पाने के साथ स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।