मथुरा की बेटी तरंग को मिली कामयाबी, USA में जीता मिस फेमिना ग्लोबल का खिताब
मथुरा की बेटी तरंग भार्गव ने अमेरिका में प्रतिष्ठित मिस फेमिना यूएसए ग्लोबल 2026 का खिताब जीता है। सिएटल में ...और पढ़ें

यूएसए में मिस फेमिना ग्लोबल अवार्ड से सम्मानित तरंग।
जागरण संवाददाता, मथुरा। कान्हा की नगरी की बेटी तरंग भार्गव ने अमेरिका में 13 सितंबर को आयोजित प्रतिष्ठित मिस फेमिना USA ब्यूटी पेजेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए मिस फेमिना यूएसए ग्लोबल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अमेरिका के वाशिंगटन राज्य के सिएटल में आयोजित प्रतियोगिता में तरंग ने यह उपलब्धि हासिल की।
तरंग भार्गव श्री राधापुरम एस्टेट निवासी योगेश भार्गव एवं सरिता भार्गव की पुत्री हैं। वह वर्तमान में अमेरिका के सिएटल शहर में रहती हैं और पेशे से सीनियर साफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। तरंग ने माडलिंग, डांस, स्टैंड-अप कामेडी और एंकरिंग के क्षेत्र में भी पहचान बनाई है।
प्रतियोगिता में उनकी मंचीय प्रस्तुति, व्यक्तित्व और प्रतिभा के दम पर उन्होंने खिताब प्राप्त किया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली इस उपलब्धि को तरंग के परिवार और मथुरा के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। तरंग ने अमेरिका की धरती पर अपनी भारतीय पहचान को गर्व के साथ प्रस्तुत किया।
तरंग की सफलता की खबर मथुरा पहुंचते ही परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिवार का कहना है कि तरंग ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
