मथुरा में फिलहाल टला जल संकट, मध्य गंगा कैनाल से मिल रहा है अभी पानी
मथुरा में दशहरा पर टला जल संकट, अब दीपावली तक गंगाजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो गई है। मध्य गंगा कैनाल ...और पढ़ें

मथुरा वाटर वर्क्स।
HighLights
दशहरा पर मथुरा में जलसंकट की आशंका टली।
मध्य गंगा कैनाल से शहर को पानी मिलना शुरू।
दीपावली तक गंगाजल आपूर्ति सुचारू रहने की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, मथुरा। दशहरा पर लोगों को जलसंकट से नहीं जूझना पड़ा, वहीं दीपावली तक गंगाजल की आपूर्ति बाधित होने की समस्या फिलहाल टल गई है। मध्य गंगा कैनाल से शहर को पानी मिलना शुरू हो गया है, जिससे 21 वार्ड में प्रस्तावित जलसंकट की आशंका खत्म हो गई है। वहीं जलकल विभाग ने भी राहत की सांस ली है, लेकिन ट्यबेल से पानी देने के वैकल्पिक इंतजाम कर लिए हैं।
ऊपरी गंगा नहर में जलप्रवाह बंद रहने के कारण पालड़ा से शहर के लिए गंगाजल आपू्र्ति बंद हो गई थी। 20 अक्टूबर की मध्य रात्रि से अनुरक्षण कार्य प्रस्तावित है। ऐसे में शहर को मिलने वाला 10 क्यूसेक गंगाजल गंगाजल शुक्रवार से रोक दिया गया था। रविवार से मध्य गंगा कैनाल से पानी मिलना शुरू हो गया है। इससे शहर के 21 वार्ड में जलसंकट की आशंका फिलहाल टल गई है।
इससे पोषित 21 वार्ड के डेढ़ लाख लोगों ने राहत की सांस ली है। महाप्रबंधक जलकल अनवर ख्बाजा ने बताया कि गंगाजल पर्याप्त मिल रहा है, जिससे फिलहाल कोई जलसंकट नहीं है। अगर कोई बाधा नहीं आती है तो आठ नवंबर तक आपूर्ति सुचारू रहेगी।
अगर किसी कारण से मध्य गंगा कैनाल से पानी मिलना बंद भी होता है तो शहर में जलसंकट नहीं होने दिया जाएगा। वैकल्पिक इंतजाम तैयार हैं। 484 ट्यबेल और 52 टैंकर के सहयोग से समाधान किया जाएगा।
ये क्षेत्र होने थे प्रभावित
प्रताप नगर, मनोहरपुरा, डैंपियर नगर, वनखंडी, होली गेट, मोहनकुंज, नया नगला, झींगुरपुरा, खटीक मुहल्ला, ब्रज नगर, कैलाश नगर, भरतपुर गेट, वृंदावन, सौंख रोड, बीएसए रोड, द्वारकापुरी, बल्देवुपरी आंशिक आदि।
