विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साथ रह रहीं लड़कियों ने कर दी हत्या, मथुरा में 14 साल की बच्ची को बाल्टी में डुबोकर मार डाला

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 22 Aug 2026 10:18 PM (IST)

वृंदावन के राजकीय बालिका संरक्षण गृह में 14 वर्षीय किशोरी की उसके दो साथी किशोरियों ने पानी की बाल्टी में ...और पढ़ें

वृंदावन में राजकीय बालिका संरक्षण गृह।

वृंदावन में राजकीय बालिका संरक्षण गृह।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। वृंदावन के राजकीय बालिका संरक्षण गृह में रह रही एक 14 वर्षीय किशोरी की उसके कमरे के बाथरूम में दो साथी किशोरियों ने पानी भरी बाल्टी में मुंह डुबोकर हत्या कर दी। इसके बाद चुपचाप अपने कमरे में आ गईं। सुबह एक किशोरी कम दिखने पर जांच हुई तो किशोरी बाथरूम में मृत मिली। सीसीटीवी की जांच की गई तो बाथरूम में दो साथी किशोरी उसके साथ जाती दिखीं।

शुक्रवार शाम हुई घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई तो सनसनी फैल गई। पुलिस दोनों किशोरियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। डीएम ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कराई है। राजकीय बालिका संरक्षण गृह में बरेली की 14 वर्षीय एक किशोरी, पीलीभीत और अलीगढ़ की 15 वर्षीय दो किशोरियां में एक कमरे में रहती थीं। इस कमरे से ही लगा बाथरूम है।

शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वार्डन ने कमरे में एक किशोरी को कम देखा तो खोजबीन शुरू की। तब बाथरूम में किशोरी का शव मिला। पहले तो सामान्य मृत्यु मानी जा रही थी। घटना की सूचना पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शनिवार को बालिका गृह के सीसीटीवी खंगाले तो पता चला कि जिस किशोरी की हत्या हुई

उसकी साथी दोनों किशोरियां बाथरूम में उसके साथ गई थीं, लेकिन कुछ देर बाद केवल दो ही वापस आई हैं। मृतका के अलावा दो अन्य किशोरियां शामिल थीं। कुछ समय बाद बाथरूम से केवल दोनों 15 वर्षीय किशोरियां बाहर आती दिखाई दीं। पुलिस ने दोनों किशोरियों से अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ के दौरान इन्होंने वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस को बताया कि उन्होंने किशोरी का मुंह पानी से भरी बाल्टी में डूबो दिया। थोड़ी ही देर में उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद दोनों डर कर बाहर निकल आईं। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने संरक्षण गृह पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया

जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र ने दोनों किशोरियों के खिलाफ वृंदावन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कराई है।

प्रोबेशन अधिकारी ने शव का कराया अंतिम संस्कार

बरेली की रहने वाली 14 वर्षीय बालिका के पिता की कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। उसकी माता का मानसिक संतुलन सही नहीं होने पर वह वर्तमान में लखनऊ के नारी संरक्षण केंद्र में हैं। बालिका पूर्व में रामपुर संरक्षण गृह में प्रवेशित थी। बरेली के बाल कल्याण समिति के आदेश पर उसे इसी 17 जून मथुरा भेजा गया था

बालिका वृंदावन स्थित संदिपनी मुनि स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ रही थी। प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि किशोरी की मृत्यु के बाद उसका मथुरा में ही अंतिम संस्कार कराया है। वहीं संरक्षण गृह में उसके साथ रह रही दोनों किशोरियां चार माह पूर्व ही पीलीभीत व अलीगढ़ से आई हैं।