आधी आबादी ने दिखाया पूरा जोश, सुबह से लगी लाइन
नवयुवतियां हों या बुजुर्ग महिलाएं सभी में सिर्फ एक ही जुनून था कि बेहतर लोकतंत्र की स्थापना करने के लिए वे पीछे नहीं हटेंगी
सुरीर(मथुरा), संसू। गुरुवार को आधी आबादी का जज्बा नई उम्मीदों का संचार कर गया। लंबी लाइन भी बुलंद हौसले के सामने पस्त नजर आई। नवयुवतियां हों या बुजुर्ग महिलाएं, सभी में सिर्फ एक ही जुनून था कि बेहतर लोकतंत्र की स्थापना करने के लिए वे पीछे नहीं हटेंगी।
गुरुवार सुबह सूर्य की किरणों की रोशनी से जब धरती रोशन हुई, तो बेहतर लोकतंत्र की स्थापना का जज्बा लिए आधी आबादी अपने घरों की दहलीज पार कर मतदान केंद्रों की तरफ चल दीं। बूथों पर लाइन में लगकर अपना नंबर आने का इंतजार करने लगीं। समय आगे बढ़ा, तो धूप की तपिश भी तेज होने लगी। इसके बावजूद महिलाओं के जोश पर कोई असर नहीं पड़ा। महिलाओं के हौसले का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बूथों पर लगी लंबी लाइन में एक तरफ जहां युवतियां थीं, तो वहीं बुजुर्ग महिला मतदाता भी लाइन में लग अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। घूंघट की आड़ में ईवीएम का बटन दबाने को बेताब नवविवाहिताएं भी थीं तो नकाब में अपने को समेटे महिलाएं।
सुरीर के जमुना प्रसाद श्रीराम इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर लाइन में लगीं नगीना एवं भावना वाष्र्णेय ने कहा कि वह पहली बार वोट दे रही हैं। बहुत उत्साह है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय परसोती गढ़ी मतदान केंद्र के बूथ पर लगी लाइन में लगीं सीमा देवी, मुन्नी देवी, लक्ष्मी, किरन, सरोज एवं पूजा ने कहा कि महिलाएं किसी से पीछे नहीं हैं।