विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सपा नेता की अश्लील चैट से मथुरा में राजनीतिक हलचल, एसएसपी तक पहुंचा मामला

Published: Mon, 14 Sep 2026 12:15 AM (IST)

मथुरा में एक सपा नेता द्वारा महिला बैंककर्मी को अश्लील चैट भेजने और सरकार बनने पर आईएएस बनाने का वादा करने से राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, मथुरा। एक महिला बैंककर्मी को अश्लील चैट भेजकर एक सपा नेता ने अपनी सरकार बनने पर आइएएस बनवाने का वादा किया। यह मामला जब सार्वजनिक हुआ तो राजनीतिक गलियारे में खलबली मच गई। वाट्सएप का स्क्रीनशाट एसएसपी के पास पहुंच गया, बाद में सपा नेता महिला से माफी मांग ली। अभी महिला ने लिखित शिकायत नहीं दी है।

कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले सपा अल्पसंख्यक सभा से जुड़े एक नेता एक बैंक कर्मी से मुलाकात के बाद उसकी सुंदरता की तारीफ करने लगे। धीरे-धीरे महिला से उसके पारिवारिक और व्यावसायिक संबंधों से जुड़ी जानकारी ली। बैंक संबंधी काम के बहाने महिला का मोबाइल नंबर लिया।

इसके बाद फोन और वाट्सएप के माध्यम से बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। आरोप है कि बातचीत के दौरान सपा नेता ने महिला को राजनीतिक प्रभाव का भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कोटे से डेपुटेशन के आधार पर उसे आइएएस बनवाने की कोशिश करेगा।

आरोपित की कुछ बातों से उसे आपत्ति हुई तो उसने विरोध जताया। इसके बाद आरोपित ने दोबारा संदेश भेजकर माफी मांगी। इसके बाद फिर महिला को प्रभावित करने का प्रयास किया।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि कुछ स्क्रीनशाट मिले हैं। पीड़िता की ओर से अभी कोई प्रार्थना-पत्र नहीं दिया गया है। प्रार्थना-पत्र देने पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।