मथुरा: साड़ी फैक्ट्री में करंट से इलेक्ट्रीशियन की मृत्यु, स्वजन का हंगामा
मथुरा की मसानी लिंक मार्ग स्थित एक साड़ी फैक्ट्री में मेंटिनेंस के दौरान करंट लगने से इलेक्ट्रीशियन जसवीर सिंह की ...और पढ़ें

मथुरा में साड़ी फैक्ट्री के बाहर हंगामा करती भीड़ और पुलिस फोर्स।
HighLights
मेंटिनेंस कार्य के दौरान हुआ यह दर्दनाक हादसा।
स्वजनों ने फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, मथुरा। मसानी लिंक मार्ग पर स्थित साड़ी फैक्ट्री में मंगलवार सुबह 10 बजे मेंटिनेंस का काम कर रहे इलेक्ट्रीशियन की करंट लगने से मृत्यु हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी स्वजन को दी और जसवीर सिंह को सिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली और गोविंद नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया गया कि आलोक साड़ी फैक्ट्री 26 अगस्त से बंद चल रही है। इसमें मेंटिनेंस का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान मंगलवार सुबह 10 बजे हादसा हुआ। मृतक जसवीर सिंह मूल रूप से कासगंज के रामनगर के निवासी थे।
वह गोविंद नगर क्षेत्र के सरस्वती कुंड में किराए के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। हादसे की जानकारी मिलने पर स्वजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
स्वजन की ओर से कार्रवाई की मांग की जा रही है। कोतवाल विनोद बाबू मिश्र ने बताया स्वजन को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
