आरके पुरम में किसान के घर डकैतों का धावा, लूट
एक महिला समेत तीन लोगों को पीट-पीट कर किया घायल आइजी और एसएसपी घटनास्थल पर पहुंचे घायलों से मिले
मथुरा, जासं। थाना हाईवे क्षेत्र की आरके पुरम कॉलोनी में डकैतों ने बुधवार रात एक किसान के मकान पर धावा बोल दिया। एक महिला समेत तीन लोगों को पीट कर घायल कर दिया। करीब डेढ़ लाख रुपये के नकदी गहने लूट ले गए। गुरुवार को आइजी और एसएसपी ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। जिला अस्पताल में पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
हाईवे थाना क्षेत्र में एटीवी फैक्ट्री के पीछे आरके पुरम कॉलोनी है। बुधवार रात करीब ढाई बजे हथियारबंद आधा दर्जन से अधिक बदमाश किसान नत्थी सिंह पुत्र सोवरन सिंह के मकान में घुस आए। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर नत्थी सिंह, उसके पुत्र प्रेम भाई प्रेमपाल और उसकी पत्नी नीतू को बंधक बना लिया। लाठी, कुल्हाड़ी और फरसा से जानलेवा हमला किया। पीट-पीट कर सभी को अधमरा कर दिया। संदूक का ताला तोड़कर बदमाश दो सोने की अंगूठी, दो जंजीर, हार समेत अन्य गहने और साढ़े सोलह हजार रुपये नकद लूट कर ले गए। जाते-जाते बदमाशों ने नीतू के कानों से कुंडल भी नोच लिया। परिजनों के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने जाकर देखा तो सभी लहूलुहान अवस्था में पड़े हुए थे। हाईवे पुलिस ने पहुंच घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया है कि बदमाश दीवार फांद कर मकान के अंदर प्रवेश कर गए थे। सुबह आइजी ए सतीश गणेश और एसएसपी शलभ मथुरा भी घटनास्थल पर पहुंचे। जिला अस्पताल पहुंच घायलों का हाल भी जाना। तलाश में लगाईं टीमें:-आइजी ने बताया कि अभी बदमाशों के संबंध में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। क्राइम ब्रांच, सीओ रिफाइनरी और हाईवे प्रभारी निरीक्षक की टीम को बदमाशों की तलाश में लगाया गया है। आगरा की सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। इस दौरान एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा, सीओ रिफाइनरी आलोक दुबे और सीओ सिटी राकेश कुमार भी मौजूद रहे। -पुलिस ने जुटाए साक्ष्य: बदमाशों के खिलाफ साक्ष्य एकत्र करने के लिए घटना स्थल पर फिगर प्रिट्स विशेषज्ञ और सर्विलांस टीम भी पहुंच गई। डॉग स्क्वायड को भी बुला लिया गया। टीम ने बदमाशों के प्रवेश करने के संभावित स्थानों से लेकर मकान के अंदर से फिगर प्रिट्स एकत्र किए, जबकि सर्विलांस टीम भी इलाके में घटना के समय हुई वारदात के समय की कॉल डिटेल निकालने के लिए विभिन्न कंपनियों के टावरों के डाटा भी ले रही है। -हर पहलू पर कर रही जांच: घटना स्थल पर कुछ लोग बाबरिया गैंग के वारदात किए जाने का शक जाहिर कर रहे थे। आइजी ने कहा कि पुलिस हर पहलू पर घटना की तहकीकात कर रही है। फिलहाल बाबरियों के हाथ होने से भी पुलिस इन्कार नहीं कर रही है।