विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा: कार रेस ने ले ली पूर्व प्रधान की जान, आपस में टकराकर पलटीं दोनों कारें

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 12 Oct 2026 03:50 PM (IST)

मथुरा के राया में सारस गांव के पास तेज रफ्तार कारों की रेस ने 80 वर्षीय पूर्व प्रधान अंगद सिंह ...और पढ़ें

दो कारों की रेस के दौरान चपेट में आकर मृतक पूर्व प्रधान का फाइल फोटो।

दो कारों की रेस के दौरान चपेट में आकर मृतक पूर्व प्रधान का फाइल फोटो।

HighLights

  1. बाइक सवार को बचाने में टकराईं कारें, पेड़ से जा भिड़ीं।

  2. चालक मौके से फरार, पुलिस ने दोनों कारें जब्त कीं।

संवाद सूत्र, राया (मथुरा)। गांव सारस के पास तेज रफ्तार कारों ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। स्कार्पियो और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच रेस के दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। हादसे में स्विफ्ट डिजायर सड़क किनारे पेड़ में जा घुसी। यहां तिरपाल लगाकर चारपाई पर सो रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग की मृत्यु हो गई।

राया के गांव सारस निवासी कान्हा उर्फ कृष्णा और देवेंद्र रविवार सुबह आठ बजे स्विफ्ट डिजायर और स्कार्पियो से आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में दोनों कारें अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं। तेज रफ्तार के चलते स्कार्पियो सड़क किनारे खेत में जा घुसी, जबकि स्विफ्ट डिजायर एक पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार की टक्कर से पेड़ जड़ से उखड़ गया।

पेड़ के पास ही तिरपाल डालकर में सो रहे पूर्व प्रधान अंगद सिंह कार की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गए। स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। स्वजन ने बताया कि पूर्व प्रधान अंगद सिंह का सादाबाद मार्ग पर खेत है। वह हाईवे किनारे अपने खेत में चार दुकानों का निर्माण करा रहे थे। सुबह नवनिर्मित दुकानों में पानी की तराई के लिए जाते थे।

दुकान के पास ही एक पेड़ के पास उन्होंने तिरपाल डालकर चारपाई बिछा रखी है। जिसमें वह थोड़ी देर आराम करते थे। रविवार सुबह हादसे में उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में शामिल दोनों कारों पर नंबर प्लेट नहीं थी। दोनों कारों के चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों में तेज रफ्तार से वाहन चलाने को लेकर आक्रोश है। आरोपित कार चालक कान्हा के पिता जितेंद्र उर्फ जीतू गांव सारस के वर्तमान प्रधान थे।

डेढ़ वर्ष पूर्व उनकी सामान्य मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। राया थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि जानकारी पर पता चला है कि दोनों युवक पूर्व में भी कई बार रेस लगा चुके हैं। आरोपितों के खेत हाईवे पर होने के कारण हाईवे अथारिटी की ओर से रुपये मिले हैं।

इनसे उन्होंने कारें खरीदी थी। दोनों ही अपनी गाड़ियों को स्वयं किराए पर चलाते हैं। रेस को लेकर पूर्व में चौकी इंचार्ज ने दोनों को समझाया भी था, लेकिन वह नहीं माने हैं। स्वजन की ओर से प्रार्थना-पत्र मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।