विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7 किलोग्राम सोना और 11 लाख बरामद, मथुरा में सबसे बड़ी चोरी का पर्दाफाश; तिजोरी के तोड़े थे 14 लॉक

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 15 Sep 2026 07:58 PM (IST)

मथुरा के कोसीकलां में सर्राफ के शोरूम से करोड़ों की चोरी का 12 घंटे में पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने पुराने ...और पढ़ें

कोसीकलां के ज्वेलरी शोरूम में चोरी का पर्दाफाश करते एडीजी एसके भगत, डीआइजी शैलेश कुमार पांडेय (बाएं) व एसएसपी श्लोक कुमार। फोटो. जागरण।

कोसीकलां के ज्वेलरी शोरूम में चोरी का पर्दाफाश करते एडीजी एसके भगत, डीआइजी शैलेश कुमार पांडेय (बाएं) व एसएसपी श्लोक कुमार। फोटो. जागरण।

HighLights

  1. मथुरा में करोड़ों की चोरी का 12 घंटे में हुआ पर्दाफाश।

  2. पुराने कर्मचारी ने नौकरी से निकाले जाने का बदला लिया।

जागरण संवाददाता, मथुरा। कोसीकलां में रविवार रात सर्राफ जुगल किशोर अमित कुमार एंड संस के शोरूम में करोड़ों का सोना और नकदी की चोरी उन्हीं के पुराने कर्मचारी ने की थी। 12 घंटे में पुलिस ने घटना का पर्दाफाश कर चोरी किया गया सात किलो सोना और 11 लाख रुपये बरामद कर लिए।

चोर की मदद उसके भाई, मां और बहन ने भी की थी। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया है। करीब डेढ़ वर्ष पहले नौकरी से निकाले जाने के बाद से वह बदला लेने के लिए सर्राफ के यहां चोरी की योजना बना रहा था।

कोसीकलां के भरत मिलाप चौक के पास सराफा बाजार में जुगल किशोर अमित कुमार एंड संस का शोरूम है। यहां रविवार रात एक अकेले चोर ने करीब 12 करोड़ रुपये सोना और 15 लाख रुपये नकद चुरा लिया और आराम से भाग गया। शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी में मुंह ढककर एक चोर बैग लेकर जाता दिखाई दिया

सराफा कारोबारी ने शक जताया कि यह उनका पुराना कर्मचारी रामनगर मुहल्ला निवासी विष्णु सोनी उर्फ पप्पू है। पुलिस ने देर रात पप्पू को उसके घर से ही पकड़ लिया। अपर पुलिस महानिदेशक एसके भगत ने बताया पप्पू से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म स्वीकार लिया।

पप्पू की निशानदेही पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के निकट एक गड्ढे में छिपाया गया सोने से भरा बैग बरामद कर लिया। इसमें 7.126 किलोग्राम सोना था, 11 लाख रुपये नकद घर से बरामद कर लिए। पप्पू ने करीब आठ वर्ष जुगल किशोर के यहां नौकरी की। डेढ़ वर्ष पहले दुकान से सामान चोरी का आरोप लगाकर उसे निकाल दिया गया था।

तीन मंजिल के मकान में छत का जंगला गैस कटर से काटकर वह पहली मंजिल पर कूदा। फिर यहां खिड़की में लगे विंडो एसी के कवर को हटाया और खिड़की से अंदर कमरे में पहुंचा और यहां से सीढ़ी वह शोरूम में पहुंचा। जिस कमरे में तिजोरी थी, वहां लकड़ी का दरवाजा था। दरवाजे को गैस कटर और पेट्रोल से जलाकर खोला।

तिजोरी के 14 लाॅक खोले और तब सोना और नकदी चुराई। घटना के बाद वह इधर-उधर घूमने के बाद घर पहुंचा और अपने भाई को रुपयों का बैग दिया। भाई ने माल गोदाम के पास बैग गड्ढे में छिपा दिया। पुलिस ने भाई मनोज, मां मीनू और बहन प्रिया को भी गिरफ्तार कर लिया।

शोरूम स्वामी अमित कुमार ने बताया कि साढ़े दस किलो सोना और 15 लाख की नकदी अनुमान से लिखाई थी। बाद में कमरे में देखा कि चोर तीन लाख रुपये जल्दबाजी में छोड़ गया। सोना जितना था उतना बरामद हो गया।

व्यापारियों से करता था धोखाधड़ी

मुहल्ला रामनगर निवासी विष्णु उर्फ पप्पू कई वर्षों से सराफा बाजार में कार्यरत है। नंदगांव रोड पर अपनी सराफे की दुकान भी खोली है, जहां से वह व्यापारियों से आभूषण लेकर उन्हें बेचने का झांसा देता था। पिछले दीपावली में उसने सुभाष चंद्र त्रिलोक चंद्र एंड संस से आभूषण लिए, लेकिन उन्हें वापस नहीं किया।

दुकानदार राहुल ने बताया कि उनकी दुकान से 300 ग्राम सोना धीरे-धीरे चुरा लिया। जब पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने अपना मकान उनके नाम कर दिया, लेकिन कब्जा नहीं दिया। बिंदल ज्वेलर्स के ऋषभ से भी 15 किलो चांदी ली, पांच किलो वापस नहीं की।