मथुरा, जागरण टीम। यूपी के मथुरा जिले में बदमाशों ने जंगल में हथियार बनाने की फैक्ट्री खोल रखी थी। थाना जैंत क्षेत्र में शनिवार की रात पुलिस ने हथियार बनाने की फैक्ट्री पर दबिश दी। हथियार बना रहे लोगों ने पुलिस को देख कर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने गोलियां चलाई। गोली लगने से एक हथियार बनाने वाला घायल हो गया और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जंगल में पहुंची पुलिस तो कर दी बदमाशों ने फायरिंग
एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि धौरेरा के जंगल में थाना जैंत और एसओजी को जानकारी मिली कि कुछ लोग जंगल में हथियार बना रहे हैं। सीओ सदर प्रवीण मालिक पुलिस टीम के साथ जंगल में पहुंचे। एक स्थान पर आग जल रही थी। पुलिस ने घेराबंदी कर आग के आसपास बैठे लोगों को ललकारा तो उन्होंने फायरिंग करना शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। गोंदा आट्स निवासी अकरम घायल हो गया और उसके ही गांव के रहने वाले भोला और नीरज को पकड़ लिया गया।
मौके से एक दर्जन से अधिक तमंचा, दो दर्जन से अधिक कारतूस और खोखा, हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। घायल को अस्पताल भिजवाया गया है। दोनों बदमाशो से पूछताछ की जा रही है।