Published: Fri, 23 May 2025 08:43 PM (IST)
मथुरा में वृद्धावस्था पेंशन योजना को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन सक्रिय है। 57362 लाभार्थियों में से 10% का क्रॉस-सत्यापन ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, मथुरा। वृद्धावस्था पेंशन में मृतक एवं अपात्र पेंशनरों को सूची से बाहर कर उनके स्थान पर नए पात्र लाभार्थियों को पेंशन का लाभ दिलाया जाएगा। इसके लिए कुल 57,362 लाभार्थियों में से 10 प्रतिशत लाभार्थियों का क्रास सत्यापन किया जाएगा।
वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंच सके, इसके लिए नए वित्तीय वर्ष 2025-26 में पेंशन भुगतान के लिए सूची में शामिल लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है। जिले में वृद्धावस्था पेंशन के 57,362 पेंशनरों का सत्यापन किया जाएगा।
मृतक एवं अपात्र पाए गए पेंशनरों को सूची से हटाकर उनकी जगह नए पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में बीडीओ के माध्यम से और शहरी क्षेत्र में उपजिलाधिकारी के माध्यम से सत्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गलत सत्यापन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी नगेंद्र पाल सिंह ने कहा कि वह 10 प्रतिशत पेंशनरों का क्रास वेरिफिकेशन करते हुए सत्यापन करेंगे। जिसके आधार पर जीवित पेंशनर्स को मृतक और मृतक को जीवित दर्शाए जाने वाले सत्यापनकर्ता अधिकारी और कर्मचारी के विरुद्ध डीएम द्वारा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जीरो पावर्टी में चिह्नित हुए 773 वृद्धजन
जीरो पावर्टी अभियान के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर 773 वृद्धजन चिह्नित किए गए हैं। चिह्नित परिवारों के 60 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के वृद्धजनों को भी सत्यापन के दौरान पात्रता के अनुसार आवेदन कराए जाएंगे और उनको लाभ दिलवाया जाएगा। उन्हें जून माह से पेंशन की प्रथम किस्त दी जाएगी।
एक व्यक्ति को मिलेगी एक ही पेंशन
वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान समय से कराने के लिए लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण कराया जा रहा है। लाभार्थियों के आधार और मोबाइल नंबर को बैंक खातों से लिकं कराया जा रहा है। एकीकृत पोर्टल से देखा जा रहा है कि एक व्यक्ति किसी एक पेंशन में ही लाभ प्राप्त कर सके।