एनजीटी के कोर्ट कमिश्नर ने देखे परिक्रमा के हालात
एनजीटी से नियुक्त कोर्ट कमिश्नर आनंदवर्धन शुक्ला ने गुरुवार को गोवर्धन के हालात देखे।
संवाद सूत्र, गोवर्धन (मथुरा): एनजीटी से नियुक्त कोर्ट कमिश्नर आनंदवर्धन शुक्ला ने गुरुवार को गोवर्धन पहुंचकर हालात का जायजा लिया। एनजीटी के आदेशों का कितना अनुपालन किया जा रहा है, इसे न केवल देखा बल्कि अधिकारियों से एक-एक ¨बदु पर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गिरिराज परिक्रमा मार्ग पर पक्का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
कोर्ट कमिश्नर आनंदवर्धन शुक्ला गोवर्धन में एनजीटी के आदेश पर हुए कार्यों की समीक्षा करने आए थे। वह सबसे पहले मानसी गंगा के मुकुट मुखार¨वद मंदिर पहुंचे और दुग्धाभिषेक किया। सेवायत मनोज लंबरदार ने मंत्रोच्चारण के बीच पूजा संपन्न कराई। कमिश्नर ने सेवायत से मुखार¨वद मंदिर की समस्याएं, मुड़िया पूर्णिमा मेला और मानसी गंगा के बारे में जानकारी ली।
इसी दौरान उन्होंने राजस्थान की सीमा शुरू होते ही कच्चे मार्ग का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कहा कि इसे पक्का करने का प्रयास न करें। परिक्रमा मार्ग में छांव के लिए टिनशेड पर भी अधिकारियों से राय मांगी। पूंछरी के लौटा मंदिर पर दर्शन किए और पास ही पेड़ की छांव में बैठकर राजस्थान सीमा क्षेत्र की जानकारी मांगी। पूंछरी स्थित श्रीनाथजी मंदिर के दर्शन भी उन्होंने किए। सेवायतों ने उन्हें कुछ कागजात दिखाए तो उन्होंने तहसीलदार से मंदिर के पुराने फोटो मंगाए। राजस्थान में बने प्रवेश द्वार पर विवादित जगह भी देखी, जहां गिरिराज शिलाओं से छेड़छाड़ की गई थी। बाद में उन्होंने जतीपुरा गिरिराज मंदिर व राधाकुंड में कृष्ण कुंड का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान उनके साथ एडीएम र¨वद्र कुमार, एसपी देहात आदित्य शुक्ला, सीओ जगदीश कालीरमन, एसडीएम नागेंद्र ¨सह, नायब तहसीलदार अजय कुमार, पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, क्षेत्रीय वन अधिकारी डीके ¨सह, लोक निर्माण विभाग, विकास प्राधिकरण आदि तमाम विभागों के अफसर मौजूद रहे।
-
एनजीटी का प्रयास है कि मौलिक स्थिति को सुरक्षित रखा जाए। अभी वह यह देखने आए हैं कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान सरकार ने जो अनुपालन रिपोर्ट दी है, इससे क्या कमियों की भरपाई हो चुकी है। पर्यावरण सुरक्षित रहे, कंक्रीट का जंगल न बन जाए। गिरिराजजी की तरफ कोई भी निर्माण न हो, यह प्रयास है। अभी समानांतर मार्ग, सीवेज कनेक्शन, अतिक्रमण, पार्किंग स्थल के कार्य अधूरे हैं, वे जल्द पूरे होने हैं। वह एनजीटी में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। जल्द दोबारा आएंगे और सभी ¨बदुओं पर समीक्षा करेंगे।''
आनंद वर्धन शुक्ला
कोर्ट कमिश्नर
एनजीटी
-पब्लिक को रोका, प्रशासन के दौड़े वाहन
गोवर्धन: एनजीटी ने गिरिराज परिक्रमा मार्ग में वाहनों को सख्ती से प्रतिबंधित किया हुआ है। इसके बावजूद कोर्ट कमिश्नर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वाहनों से गिरिराज परिक्रमा लगाई। कोर्ट कमिश्नर जैसे ही गोवर्धन सीमा में घुसे, परिक्रमा मार्ग को नो व्हीकल जोन में परिवर्तित कर दिया गया। इसके ¨लक मार्गों पर पुलिस तैनात रही और पूरा गोवर्धन क्षेत्र कुछ घंटों के लिए अस्थाई अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया। हालांकि आम दिनों में भी परिक्रमा मार्ग पर प्रतिबंध के बावजूद वाहन ¨लक मार्गों से प्रवेश कर बेधड़क चलते हैं, कोर्ट कमिश्नर के आगमन पर पुलिस ने ¨लक मार्ग तो बंद कर दिए, लेकिन उनके सहित प्रशासनिक अफसरों ने करीब दस वाहनों से गिरिराज परिक्रमा लगाई।
--दर्शन को खोल दिए बंद पट--
कोर्ट कमिश्नर पर पूंछरी के श्रीनाथ मंदिर के सेवायत भी मेहरबान रहे। वह पूंछरी के श्रीनाथ मंदिर पर करीब दो बजे पहुंचे। उस समय मंदिर के पट बंद थे और प्रभु विश्राम कर रहे थे। उन्होंने मंदिर के दर्शन की इच्छा जताई तो मंदिर के सेवायत ने पट खोल दिए और दर्शन के बाद फिर से बंद कर दिए। आसपास के लोगों का कहना था कि किसी वीआइपी के आगमन पर पहली बार मंदिर की मर्यादा तोड़ी गई है। उनके साथ चल रहे गोवर्धन के मुरारी लाल तिवारी ने उन्हें एक भजन भी सुनाया।