इंडस्ट्रीयल एरिया में दिनदहाड़े बालक की गला घोंटकर हत्या
दोपहर को हो गया था घर से लापता तलाश कर रहे थे परिजन जयगुरुदेव के खेत की चहारदीवारी के भीतर मिली बच्चे की चप्पलें
मथुरा, जासं। इंडस्ट्रीयल एरिया में गुरुवार दोपहर एक बालक की हत्या कर शव सड़क पर फेंक दिया गया। उसका गला घोंटा गया था। घटना से आक्रोशित भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भीड़ को समझा कर जाम खुलवाया और हत्याकांड का जल्द पर्दाफाश किए जाने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी सहायता दिलाने का वादा किया।
थाना हाईवे क्षेत्र में इंडस्ट्रीयल एरिया से सटी शंकरपुरी कॉलोनी निवासी जयप्रकाश का पांच वर्षीय पुत्र योगेश उर्फ कृष्णा को उसकी मां नीतन घर पर छोड़कर बाबा जयगुरुदेव बालक बाल्य विद्यालय इंडस्ट्रीयल एरिया में पढ़ रहे अपने बड़े पुत्र गौरव को लेने के लिए आई थीं। पीछे से योगेश लापता हो गया। नीतन ने अपने पड़ोसियों की मदद से बालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। नीतन ने बताया कि यूपी 100 डायल को भी सूचना दी गई तो वह घर आई। पुलिस थाने में तहरीर देने की बात कहकर चली गई। कॉलोनी की मल्लो घास खोदने के लिए इंडस्ट्रीयल एरिया में आ रही थीं। मल्लो को योगेश का शव सड़क किनारे पड़ा दिखा। बालक की हत्या बाबा जयगुरुदेव संस्था के चहारदीवारी वाले खेत के अंदर की गई थी। वहीं पर बालक की चप्पलें पड़ी मिली। बालक के मुंह और नाक से खून बह रहा था। खेत में आंवला और ज्वार खड़ी है। घटना की खबर पर शिवजी नगला, नगला चंद्रभान और शंकरपुरी कॉलोनी के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया। एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा, एसपी ट्रैफिक डॉ. ब्रजेश कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए और भीड़ का समझा कर जाम खुलवाया। सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह ने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि दिलाने और एसपी सिटी ने जल्द हत्यारों को पकड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही भीड़ ने घटना स्थल से शव को उठाने दिया। एसडीएम सदर क्रांति शेखर सिंह मौजूद रहे। एक बालक का शव इंडस्ट्रीयल एरिया में मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बालक की मौत के कारणों का पता चल पाएगा। घटना स्थल को देखने के बाद बालक की हत्या किए जाने से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
--शलभ माथुर, एसएसपी