मोदी-योगी चूके तो कभी नहीं बनेगा राम मंदिर
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण आंदोलन से जुड़े दो संतों ने इस पर रुष्ट है। उन्होंने जल्द ही मंदिर बनवाने का आह्वान किया है।
जागरण संवाददाता, वृंदावन (मथुरा): श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण आंदोलन से जुड़े दो संतों ने इस मुद्दे पर अपनी अलहदा राय रखी। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण न्यास के अध्यक्ष रसिक पीठाधीश्वर जनमेजयशरण ने कहा कि मंदिर निर्माण का ऐसा मौका फिर नहीं आएगा। वहीं न्यास समिति के उपाध्यक्ष रामानुजाचार्य वासुदेवाचार्य विद्या भाष्कर स्वामी ने कहा कि राममंदिर निर्माण को लेकर संतों में क्षोभ की स्थिति है।
बड़ा खटला स्थित भगवान वरदराज भगवान के वार्षिक प्रतिष्ठा महोत्सव में बुधवार को पहुंचे संत जनमेजयशरण ने भरोसा जताया कि अदालत का निर्णय हमारे हक में आएगा। शिया सुन्नी के विरोध के सवाल पर कहा कि शिया और सुन्नी हमारे पक्ष में हैं। मंदिर निर्माण को जो माहौल इस समय है, वह दोबारा नहीं आएगा।
श्रीराम जन्मभूमि न्यास समिति के उपाध्यक्ष रामानुजाचार्य वासुदेवाचार्य विद्या भाष्कर स्वामी ने कहा कि जो हमारे कंधे से कंधा मिलाकर कहा करते थे कि श्रीराम मंदिर निर्माण का मामला आस्था से जुड़ा है। उनकी भाषा सत्ता शीर्ष पर पहुंचकर बदल गई है। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष भगवा ध्वज वाले हैं तो इन्हें कानून बनाकर अयोध्या में श्रीराम के मंदिर का निर्माण कराना चाहिए।