दंगल से लौट रहे युवक की हत्या, जिसकी पत्नी को भगाकर लाया था उसी ने मारी गोली, दो सगे भाइयों को ढूंढ़ रही पुलिस
मथुरा में दंगल से लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि चार साल ...और पढ़ें

HighLights
दंगल से लौट रहे युवक अवनीश की गोली मारकर हत्या।
चार साल पहले पत्नी भगा ले जाने की रंजिश में वारदात।
आरोपी सतेंद्र और उसके भाई धीरेंद्र पर हत्या का आरोप।
जागरण संवाददाता, मथुरा। करीब चार वर्ष पूर्व पत्नी को भगाकर ले जाने के मामले ने रविवार शाम खून रूप लिया। दंगल देखकर लौट रहे युवक की दो गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। आरोपित मौके से फरार हो गए।
सीओ मांट ने तीन टीमें गठित करके आरोपितों की तलाश में लगाई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। मृतक के भाई ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
यह है पूरा मामला
नौहझील थाना क्षेत्र के गांव मुडलिया निवासी अवनीश उर्फ रवनी सिंह का गांव के ही सतेंद्र सिंह की पत्नी बबली के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब चार वर्ष पूर्व उसकी पत्नी दो बच्चों को छोड़कर अवनीश के साथ फरार हो गई थी। स्वजन ने तलाश की तो उनको प्रेम-प्रसंग की जानकारी हुई।
स्वजन ने महिला को वापस लाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसने इनकार कर दिया और प्रेमी युवक अवनीश के साथ रहने की सहमति जता दी। इसके बाद महिला अवनीश के साथ बाजना के गांव महारामगढ़ी में रहने लगी। पत्नी के दो बच्चों को घर पर छोड़कर जाने से सतेंद्र अवनीश से रंजिश रखने लगा।
दंगल को देखकर बाइक से वापस लौट रहा था अवनीश
रविवार शाम पौने सात बजे अवनीश बाजना में चल रहे दंगल को देखकर बाइक से वापस लौट रहा था। महाशय भट्ट के समीप बाजना मुडलिया रोड पर आरोपित सतेंद्र अपने छोटे भाई धीरेंद्र के साथ पहले से ही घात लगाए खड़ा था।
अवनीश के पहुंचते ही सतेंद्र ने उसे दो गोली मार दी। एक गोली उसके गले और दूसरी सिर में पीछे से लगी। गोली लगते ही अवनीश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो गए।
दंगल देख लौट रहे ग्रामीणों ने सड़क पर खून से लथपथ शव देखा तो गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर सीओ मांट के साथ नौहझील थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के भाई सत्यपाल ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सीओ मांट अमरनाथ सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया सामने आया है कि पत्नी को भगाकर ले जाने से उसका पति सतेंद्र रंजिश रखने लगा था। आरोपित ने अपने छोटे भाई धीरेंद्र सिंह के साथ मिलकर युवक की हत्या की है।
छह माह पूर्व स्वजन ने गांव से बेचा मकान व घेर
गांव में पड़ोस की महिला को भगाने को लेकर दो परिवारों में रंजिश हो गई। इसको लेकर कई बार विवाद की भी स्थिति बनी। बताया जा रहा है कि करीब छह माह पूर्व मृतक के स्वजन ने गांव का मकान और घेर बेच दिया। गांव में उनके परिवार का कोई सदस्य भी नहीं रहता है।
अवनीश महिला बबली के साथ बाजना के गांव महारामगढ़ी में रहता था। वहीं उनके बड़े भाई सत्यपाल बाजना-नौहझील मार्ग पर फौजी ढाबा चलाते हैं और वहीं पर परिवार के साथ रहते हैं। बड़े भाई सत्यपाल फौज से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
