मथुरा में शराब के पैसे न देने पर युवक की गोली मारकर हत्या, सात नामजद आरोपी फरार
मथुरा के महोली गांव में शराब के लिए पैसे न देने पर 42 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
मथुरा के महोली गांव में युवक को गोली मारी।
पुलिस ने सात नामजद आरोपियों पर केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, मथुरा। हाईवे क्षेत्र के महोली गांव में शराब पीने के लिए रुपये मांगने और इन्कार करने पर बुधवार रात साढ़े नौ बजे हुए विवाद में 42 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि विकास उर्फ विशाल ने युवक के सिर में गोली मारी। घटना के बाद आरोपित हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। पुलिस ने सात नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेक्सा शोरूम से लगभग 100 मीटर आगे महोली गांव निवासी रौतान सिंह अपने साथ लाखन सिंह और सुभाष चंद्र के साथ मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान विकास उर्फ विशाल और उसके साथियों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये नहीं देने पर आरोपितों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच विकास उर्फ विशाल ने रौतान सिंह के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। मृतक के पिता लाल सिंह के प्रार्थना पत्र पर हाईवे पुलिस ने विकास उर्फ विशाल, मेघश्याम, डालचंद, मुकेश, धर्मेंद्र, राजकुमार और मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी और थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
