विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा: पटाखा चलाने पर बच्चे के साथ क्रूरता, गाल पर जड़ा तमाचा; फिर पैर पकड़ सड़क पर फेंका

By Viveka Nand Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 26 Aug 2026 07:09 PM (GMT+05:30)

पटाखा चलाने के विवाद में मथुरा के बरसाना में एक युवक ने सात साल के बच्चे को थप्पड़ मारा और ...और पढ़ें

सात साल के नीरज के चेहरे पर आईं चोटें।

सात साल के नीरज के चेहरे पर आईं चोटें।

जागरण संवाददाता, मथुरा। सात साल के बच्चे के साथ जमकर क्रूरता की गई। मामला  बरसाना कस्बा के मुहल्ला चैना का थोक में मंगलवार शाम का है। बच्चों में पटाखा चलाने को लेकर विवाद हो गया। इस पर एक युवक ने दुकान पर सामान ले रहे सात वर्षीय बच्चे के गाल पर पहले तमाचा जड़ा और उसके बाद दोनों पैर पकड़ कर सड़क पर फेंक दिया। बच्चे के चेहरे व सिर में चोट बताई गई है।

बच्चे को स्वजन जिला अस्पताल लाए। डाक्टर ने सिर में चोट की आशंका जताते हुए सीटी स्कैन की सलाह दी है। बुधवार को सीटी स्कैन न होने के कारण स्वजन उसे घर ले गए। इस मामले में थाने में नामजद प्रार्थना पत्र दिया है। बरसाना कस्बा के चैना का थोक मुहल्ला में भरत सिंह उर्फ गुड्डा परिवार के साथ रहकर सहालग एवं बुकिंग पर हलवाई का काम करते हैं।

मंगलवार शाम पांच बजे भरत सिंह का सात वर्षीय पुत्र नीरज एवं मुहल्ला के ही राजू की पुत्री एवं अन्य बच्चे गली में सड़क पर पटाखे चला रहे थे। इस दौरान बच्चों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बच्चे अपने घर चले गए। शाम साढ़े पांच बजे नीरज गली में पप्पू की दुकान पर सामान लेने चला गया। वह दुकान पर सामान ले रहा था कि तभी पीछे से राजू दुकान पर पहुंचा

राजू ने पहले नीरज के गाल पर जोर से तमाचा जड़ दिया। इससे नीरज काउंटर के समीप गिर गया। इसके बाद भी राजू का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने बच्चे के दोनों पैर पकड़ कर गली में करीब आठ फीट दूर फेंक दिया। यह देख बच्चे के स्वजन आ गए। वे बच्चे को लेकर स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इस मामले में नीरज के पिता भरत सिंह ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें राजू पर बच्चे की पिटाई कर पैर पकड़ कर सड़क पर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। बच्चे के चाचा कृष्णा ठाकुर ने बताया, बच्चों में खेलते समय किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था। इसी बात पर राजू ने भतीजे नीरज को पहले पीटा फिर पैर पकड़ कर सड़क पर फेंक दिया।

बच्चे का चेहरा सूज गया है और सिर में भी चोट आई है। थाने में प्रार्थना पत्र दिया है, लेकिन अब तक उन्हें एफआइआर की कापी नहीं दी है। प्रभारी निरीक्षक अजित चौधरी ने बताया, राजू के खिलाफ मारपीट में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपित की तलाश की जा रही है।