धर्म की नगरी में वोट से दिखाई देशभक्ति
मथुरा संसदीय क्षेत्र में गुरुवार को 60.74 फीसद मतदान हुआ
मथुरा, जासं: धर्म की नगरी में गुरुवार को मतदाताओं ने मतदान कर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा दिखाई। लोकतंत्र व्यवस्था के चुनावी यज्ञ में वोट के जरिए अपनी आहुति देकर देशभक्ति दिखाई। मथुरा संसदीय क्षेत्र में गुरुवार को 60.74 फीसद मतदान हुआ। हालांकि ये आंकड़ा पिछले चुनाव की तुलना में चार फीसद कम रहा।
वर्ष 2014 में मोदी लहर थी। तब मथुरा संसदीय क्षेत्र में 64.33 फीसद मतदान हुआ था। भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी जीत गई थीं। गुरुवार को इस रिकॉर्ड को पार करने की चुनौती थी। मौसम भी सुहावना था। एक दिन पहले आई आंधी और बारिश के बाद गुरुवार सुबह कुछ ठंडक थी। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गई थीं।
दो घंटे के दरम्यान करीब नौ फीसद मतदान हो चुका था। सुबह 11 बजे बजते-बजते 23.70 फीसद मतदान हो चुका था। दोपहर में धूप तेज होने लगी। कई बूथों पर सन्नाटा पसर गया। हालांकि इस दौरान महिलाओं के आने का सिलसिला बना रहा। अधिकांश घरेलू महिलाओं ने 12 बजे तक घर का काम निपटाने के बाद ही मतदान किया। देहात क्षेत्र में यह प्रक्रिया अधिक रही। दोपहर में ज्यादा वोटिंग को लेकर गोवर्धन और बलदेव में होड़ मची रही। हालांकि दोपहर बाद गोवर्धन ने बाजी मार ली। दोपहर 1 बजे तक मतदान 36.77 फीसद तो सायं 3 बजे तक 48 फीसद मतदान हो गया था। सायं 5 बजे तक मतदान फीसद में आठ फीसद की बढ़ोतरी हुई और सायं 6 बजे तक मतदान 60.74 फीसद हो गया। हालांकि निर्वाचन कार्यालय अभी गहन गणना के बाद संशोधित आंकड़े जारी करेगा।
इससे पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी महेश पाठक ने होलीगेट इलाके के बांकेलाल बाजार मतदान केंद्र, गठबंधन प्रत्याशी नरेंद्र सिंह ने लाल स्कूल डेंपियर में वोट डाला। भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी का यहां वोट नहीं था। हालांकि उन्होंने कई बूथों का जायजा लिया।