मथुरा: पुलिस डॉग ने खोला राज, युवक की हत्या कर जंगल में दफनाया शव; तीनों दोस्त फरार
मथुरा के कोसीकलां में एक युवक की हत्या कर शव जंगल में दफना दिया गया था, जिसका खुलासा पुलिस डॉग ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, मथुरा। पुलिस डॉग ने हत्या का राज फाश कर दिया। डॉग के सहारे युवक की लाश तक पुलिस पहुंच पाई। कोसीकलां के गांव बरका में बुधवार सुबह एक युवक को साथ लेकर जंगल गए तीन दोस्तों ने उसकी हत्या करके शव को गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया। देर शाम तक युवक के नहीं लौटने पर स्वजन ने दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। इसके बाद तीनों दोस्त गांव से फरार हो गए।
स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए तीनों दोस्तों के खिलाफ थाने में प्रार्थना-पत्र दिया है। पुलिस ने डाॅग स्क्वायड की मदद से जंगल में तलाश की। युवक का शव गड्डे से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोस्तों की तलाश शुरू कर दी है। कोसीकलां के गांव बरका निवासी शौकीन बुधवार सुबह आठ बजे अपने तीन दोस्त विष्णु, लक्ष्मण और आशीष के साथ जंगल गए थे। साथ गए तीन युवक वापस लौट आए।
लेकिन शौकीन के घर न पहुंचने पर स्वजन को अनहोनी की आशंका हुई। स्वजन ने तीनों युवकों के घर पहुंचकर शौकीन के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन आरोप है कि उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद तीनों युवक वहां से गायब हो गए। इससे स्वजन का शक गहरा गया और उन्होंने तीनों पर शौकीन की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ लापता युवक की तलाश शुरू कर दी। रात करीब नौ बजे पुलिस ने डाॅग स्क्वायड की मदद से जंगल में तलाश शुरू कराई। यहां एक गड्ढे से शौकीन के शव को पुलिस ने बरामद कर लिया।
कोसीकलां थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया सामने आया है कि चारों ने जंगल में एक साथ शराब पी है। किसी बात को लेकर हुए झगड़े में शौकीन की हत्या करके शव को जमीन में दफना दिया है। तीन नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करके वारदात का राजफाश किया जाएगा।
