विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा: युवती का मतांतरण कराने का आरोप, ग्रामीणों की पंचायत; तनाव पर फोर्स तैनात

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 25 Sep 2026 01:24 PM (IST)

मथुरा के मुखराई गांव में एक हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और मतांतरण के आरोप के बाद तनाव फैल ...और पढ़ें

मुखराई गांव में गुरुवार देर रात पंचायत करते ग्रामीण।

मुखराई गांव में गुरुवार देर रात पंचायत करते ग्रामीण।

संवाद सूत्र, गोवर्धन (मथुरा)। मुखराई के युवक द्वारा अन्य गांव से हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में मुखराई गांव में गुरुवार को तनाव की स्थिति बन गई। युवती की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित ग्रामीण गुरुवार को मुखराई पहुंच गए।

तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल व पीएसी तैनात कर दिया गया है। गुरुवार देर शाम पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया। बड़ी संख्या में लोगों ने गांव में पंचायत की। पुलिस ने मतांतरण में सहयोग करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज की है।

18 सितंबर को मुखराई निवासी मुस्लिम युवक पर हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं लगा। गुरुवार को करणी सेना, गोरक्षा दल और सवर्ण समाज के युवाओं ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए मुस्लिम युवक के गांव मुखराई पहुंचकर हंगामा किया।

तनाव की स्थिति को देख गांव में पुलिस बल के साथ पीएसी तैनात कर दी गई। युवाओं का प्रतिनिधिमंडल गोवर्धन क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह से मिला और युवती को जल्द बरामद कराने व आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मुखराई प्रकरण में दो दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

गोरक्षा दल के धीरज कौशिक ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में करणी सेना जिलाध्यक्ष कान्हा ठाकुर, आगरा मंडल प्रभारी डा. सीताराम, कोषाध्यक्ष ठाकुर लक्ष्मीनारायण, ठाकुर मनमोहन सिंह, ठाकुर श्याम सिंह, पवन दुबे, विष्णु दीक्षित, विजय राघव, सहित अन्य युवा मौजूद रहे।

इधर पुलिस ने देर शाम युवती को बरामद कर लिया है।इसकी सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोगों ने मुखराई गांव में पंचायत की। इसमें मुस्लिम युवक के स्वजन का बहिष्कार करने की बात कही गई। लोगों के आक्रोश को देख पुलिस ने युवती के मतांतरण में सहयोग करने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद लोग शांत हुए।

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि युवती को बरामद करने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मतांतरण में सहयोग करने वाले आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। युवती के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।