विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में युवती को दिनदहाड़े कार में खींचा, गेस्ट हाउस में ले जाकर दुष्कर्म; पुलिस जांच में जुटी

By Virendra Kumar Verma Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 29 Sep 2026 08:42 PM (IST)

मथुरा में एक 20 वर्षीय युवती को कार में जबरन बैठाकर गेस्ट हाउस में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

जागरण संवाददाता, मथुरा। चौमुहां-जैत थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती को कार में जबरन बैठाकर ले जाने और गेस्ट हाउस में दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि नामजद आरोपितों में से कुछ लोग उनकी बेटी को कार में जबरन बैठाकर ले गए।

आरोप है कि उसे एक गेस्ट हाउस में ले जाया गया, जहां एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद युवती को कोसी क्षेत्र में छोड़ दिया गया। घर पहुंचने पर युवती ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

तहरीर के अनुसार, बेटी से घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता आरोपी युवक के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

इनमें तीन पर युवती को जबरन ले जाने और दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है, जबकि तीन अन्य पर गालीगलौज और धमकी देने के आरोप हैं। पुलिस ने सभी आरोपों को विवेचना में शामिल कर जांच शुरू कर दी है। सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि युवती का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी सहित आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।