विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में 'गे एप' से बिछाया जाल, हार्डवेयर कारोबारी के बेटे का अपहरण; 50 हजार की फिरौती मांगी

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 14 Oct 2026 08:39 PM (IST)

मथुरा में एक हार्डवेयर कारोबारी के 16 वर्षीय बेटे का 'गे एप' के जरिए अपहरण कर 50 हजार रुपये की ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

संवाद सूत्र, राया (मथुरा)। गे एप के जरिए एक किशोर को बातचीत के बहाने जाल में फंसाकर अपहरण करके 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पिता ने 47 हजार रुपये बेटे के खाते में डालकर पुलिस से बचाने की गुहार लगाई। पुलिस के सक्रिय होने पर शातिर किशोर को बलदेव रोड पर गांव कारब के समीप छोड़कर फरार हो गए। पुलिस जांच में मामला समलैंगिक का सामने आया है।

पुलिस ने थार गाड़ी को ट्रैस करके आरोपितों को चिन्हित कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। राया थाना क्षेत्र के एक हार्डवेयर कारोबारी का 16 वर्षीय पुत्र सोमवार दोपहर एक बजे पिता को खाना देने के लिए घर से निकला था, लेकिन दुकान नहीं पहुंचा। काफी देर तक उसका फोन स्विच आफ रहने पर स्वजन चिंतित हो गए। शाम करीब चार बजे पिता को बेटे के वाट्सएप से काॅल आया।

फोन करने वाले ने किशोर के अपहरण की बात कहकर 50 हजार रुपये फिरौती मांगी। घबराए पिता ने राया में रहने वाले अपने मित्र से बेटे के खाते में करीब 47 हजार रुपये डलवाए। फिर व्यापारियों के साथ राया थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और बेटे को बचाने की गुहार लगाई। पुलिस ने तलाश शुरू की और शाम करीब छह बजे किशोर बलदेव रोड स्थित गांव कारब के पास मिल गया।

पूछताछ में उसने बताया कि तीन दिन पूर्व उसने गे एप डाउनलोड किया था, जिस पर एक लड़की से उसकी बातचीत शुरू हुई। सोमवार को लड़की ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। पिता का खाना लेकर वह बलदेव रोड पहुंचा, जहां थार में सवार तीन युवकों ने उसे गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। आरोपितों ने पहले किशोर का मोबाइल बंद कराया।

बाद में उसे चालू कर पिता को वाट्सएप काॅल किया और खाते में फिरौती की रकम डालने को कहा। रकम मिलने के बाद वे किशोर को गांव कारब के पास छोड़कर फरार हो गए। आरोपित उसका मोबाइल अपने साथ ले गए हैं। किशोर की बातचीत सुनकर पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही थार गाड़ी को ट्रैस कर लिया है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कराकर जांच शुरू कराई थी। पता चला कि एक एप के माध्यम से किशोर संपर्क में आए थे। जांच में समलैंगिग संबंधों की बात सामने आई है। गाड़ी के साथ आरोपित चिन्हित कर लिए गए हैं।कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस को देख भागे शातिर

किशोर ने बताया कि अपहरण के बाद शातिर उसे बलदेव रोड पर ले गए थे। यहां पर पुलिस की एक गाड़ी को तेज रफ्तार में देख कार सवारों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने थार की स्पीड बढ़ाई और गांव कारब के समीप उसे छोड़कर फरार हो गए।