नक्शे से जमीन पर उतरी योजना तो मथुरा बनेगा नजीर
जिले के चहुंमुखी विकास के लिए बड़े प्रोजेक्ट पर मंथन
मथुरा, जासं: जिले का नक्शा तो वही रहेगा पर नजारा जल्द ही बदला-बदला नजर आएगा। गुजरात में सरदार पटेल की प्रतिमा की तर्ज पर यमुना एक्सप्रेस वे पर कृष्ण-बलराम की 50 फीट ऊंची कांस्य की प्रतिमा लगेगी। ट्रैफिक की समस्या से निजात को एलिवेटेड रोड बनेगी। शहर में ड्राइवरलेस केबल कार चलेंगी। घाटों की लंबाई बढ़ेगी और ब्रज के सभी कुंड गंगाजल से लबालब नजर आएंगे। है न बिल्कुल ख्वाब पर यदि ईमानदारी से काम हुआ तो यह हकीकत में तब्दील नजर आएगा।
मंगलवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की अध्यक्षता में जिले के व्यापक विकास पर मंथन किया गया। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सभागार में हुई मी¨टग में एक-एक प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा हुई। ब्रज तीर्थ विकास परिषद यमुना एक्सप्रेस-वे के राया कट पर 48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50 मीटर ऊंची भगवान कृष्ण-बलराम कांस्य की प्रतिमा स्थापित कराएगा। इससे दूर से ही यात्रियों को ब्रज में प्रवेश का आभास हो सके। मथुरा-वृंदावन के घाटों की लंबाई बढ़ाकर उन्हें आपस में जोड़कर सुंदरीकरण कराया जाएगा। ब्रज क्षेत्र के 135 ऐतिहासिक कुंडों को गंगाजल से भरवाया जाएगा। गोकुल बैराज पर मनभावन पार्क का निर्माण कराया जाएगा।
शहर के बढ़ते हुए ट्रैफिक को देखते हुए एलिवेटेड रोड परियोजना का प्लान तैयार कर प्रस्तुत किया गया। यह यमुना नदी के दूसरी तरफ वृंदावन, गोकुल, मथुरा एवं महावन को जोड़ेगा। इससे वृंदावन व मथुरा में बढ़ती ट्रैफिक समस्या का समाधान हो सकेगा। यहां प्रस्तावित एलिवेटेड रोड चार और छह लेन की होंगी, जिनकी कुल लंबाई 45 किमी की होगी। एलिवेटेड रोड का प्रवेश एवं निकास की ओर से यमुना एक्सप्रेस वे के मांट कट के समीप होगा। इससे पंजाब, दिल्ली एवं हरियाणा से आने वाले यात्री शहर में आए बिना बाहर से ही दर्शन कर वापस हो जाएंगे और शहर में ट्रैफिक भार कम होगा। नगर निगम के बढ़े हुए क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट के 14 हजार नये खंभे लगाने का प्रस्ताव भी स्वीकार कर लिया गया। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप, नगर आयुक्त समीर वर्मा आदि मौजूद रहे।