Mathura Crime News: मथुरा में पिता ने की पुत्र की हत्या, गंदे पैर लेकर बिस्तर पर चढ़ आया था बेटा
Mathura Crime News सौतेले पिता ने बेटे की पीट-पीट कर हत्या। चार महीने पहले ही की थी मंदिर में महिला से शादी। महिला के पहले पति की बीमारी से हो चुकी थी मौत। हत्यारोपित सौतेले पिता को पुलिस ने कर लिया है गिरफ्तार।
मथुरा, जागरण संवाददाता। मथुरा की पुष्प विहार कालोनी में गुरुवार को तड़के सौतेले पिता ने अपने बेटे की पीट-पीट कर हत्या कर दी। बालक गंदे पैर से बैड पर चढ़कर सोने की जिद करने लगा। इसी बात पर लाठी से उसकी पिटाई की गई। मौके से भागे आरोपित को पुलिस ने दो-ढाई घंटे बाद ही दबोच लिया।
पहले पति की बीमारी से मौत
थाना हाईवे क्षेत्र की पुष्प विहार कालोनी निवासी नीलम के पति की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उनके मकान में प्रेमवीर सिंह की बहन रहती थी। प्रेमवीर की शादी नही हुई। बहन ने नीलम से बातचीत कर तीन महीने पहले प्रेमवीर सिंह और नीलम का विवाह मंदिर कर दिया।
नीलम मूल रूप से मेंदनीपुर पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। आज सुबह नीलम का ग्यारह वर्षीय पुत्र राजू गंदे पैरों से बिस्तर पर चढ़ आया और सोने की जिद करने लगा। इससे गुस्साए प्रेमवीर ने लाठी से राजू की पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगाने से राजू की मौत हो गई। नीलम के शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। आरोपित भाग गया। थाना प्रभारी छाेटे लाल ने बताया कि बालक की हत्या कर भागे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।