यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Mathura Building Collapse: बंदरों की लड़ाई में पुरानी बिल्डिंग की दीवार गिरी, मलबे में दबने से 5 लोगों की मौत
यूपी के जिला मथुरा में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पुराने मकान का ऊपरी हिस्सा टूटकर ...और पढ़ें

वृंदावन, जागरण टीम: ठाकुर बांके बिहारी मंदिर से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर मार्ग पर स्थित पुराने मकान के छत पर बनी दीवार और छज्जा गिर गया, जिसके मलबे की चपेट में आने से पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई और चार घायलों का उपचार चल रहा है।
दुर्घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के समीप सनेहबिहारी मंदिर के पीछे विष्णु बागवाला, गिरधारी बागवाला का पुराना और जर्जर मकान है। इसमें नीचे दुकान और दुकानों के ऊपर छत पर दीवार बनी थी। बारिश के कारण इमारत में पानी भरा हुआ था।
बंदरों के झगड़े के दौरान गिरी दीवार
मंगलवार शाम ऊपरी दीवार बंदरों के झगड़े के दौरान गिर गई। जिस वक्त घटना हुई, उस वक्त मकान के पास से श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर के लिए गुजर रहे थे। दीवार के मलबे में दबकर 11 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें दो श्रद्धालुओं को मामूली चोट आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना में गंभीर रूप से घायलों में देवरिया के करनझा, भगवानपुर निवासी 30 वर्षीय चंदन राय, कृष्णा अपार्टमेंट ओमेक्स वृंदावन निवासी अंजु मुरगई, कानपुर के जरौली फेस दो निवासाी 40 वर्षीय रश्मि गुप्ता, कानपुर नगर के बंबुराहिया काॅलोनी के मकान नंबर 127 जूही निवासी 35 वर्षीय अरविंद कुमार, कानपुर जरौली फेस दो निवासी 50 वर्षीय गीता कश्यप की मृत्यु हो गई।
वहीं, कृष्णा अपार्टमेंट ओमेक्स निवासी वृंदावन की आकांक्षा मुरगई, उनके भाई सारांश मुरगई, कानपुर के जरौली फेस दो निवासी 30 वर्षीय अनामिका, फिरोजाबाद के थाना फरिया के गांव लखऊआ निवासी 14 वर्षीय खुशीपाल, फरीदाबाद के अशोका एंक्लेव निवासी पंकज मारग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
डीएम ने कही घटना की जांच की बात
घटनास्थल पर पहुंचे डीएम पुलकित खरे, एसएसपी शैलेश कुमार पांडे, नगर आयुक्त अनुनय झा, अपर नगर आयुक्त क्रांतशेखर सिंह ने घटना के बारे में जानकारी ली। दमकल और नगर निगम की टीम देर रात तक रेस्क्यू में जुटी रही। डीएम ने बताया कि सनेहबिहारी मंदिर के पीछे हुई घायलों और मृतकों के स्वजन को नियमानुसार मुआवजा दिलाए जाने की संस्तुति की जाएगी। घटना की जांच कर कार्रवाई भी की जाएगी।
.jpg)
सांसद बोलीं- मैंने कहा था हटाएं जर्जर बिल्डिंग
सांसद हेमामालिनी ने जागरण को फोन पर बताया कि उन्होंने करीब एक माह पहले बांके बिहारी मंदिर के आसपास गलियों का निरीक्षण किया था। तब जर्जर बिल्डिंग को लेकर नगर निगम और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से उन्हें गिराने को कहा था। उन्होंने कहा कि मन्दिर के आसपास कई बिल्डिंग काफी जर्जर है। ये देख मैं हतप्रभ रह गई।
डीएम ने बताया कि नगर निगम ने कई इमारतों के स्वामी को कुछ दिन पूर्व नोटिस दिया था। नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि कई इमारतों को लेकर नोटिस दिया गया था। जिस इमारत की दीवार गिरी है। वो देखने मे जर्जर नहीं थी। वर्षा का पानी छत पर भरता था। इससे छज्जा और दीवार कमजोर हो गई।
यूपी की अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें
