विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हेमा मालिनी दिखेंगी गंगा के रूप में, मथुरा में शुरू हो रही ब्रजरज उत्सव की धूम

By Virendra Kumar Verma Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 23 Oct 2026 02:44 PM (IST)

मथुरा-वृंदावन में ब्रजरज उत्सव का आगाज 23 अक्टूबर से हो रहा है, जिसमें हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका 'गंगा' मुख्य ...और पढ़ें

सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी।

सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी।

जागरण संवाददाता, मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली मथुरा-वृंदावन में ब्रजरज उत्सव का उल्लास शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। उत्सव के पहले दिन 23 अक्टूबर को वृंदावन स्थित नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में सिने अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ का मंचन होगा। इसी प्रस्तुति के साथ ब्रजरज उत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों का आगाज हो जाएगा।

इस बार उत्सव के अंतर्गत मथुरा के साथ वृंदावन में भी अतिथि कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि ब्रजरज उत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर 24 अक्टूबर को ब्रजरज उत्सव का औपचारिक शुभारंभ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण करेंगे।

इस अवसर पर प्रख्यात कलाकार ईशान मिश्रा सूफी गायन की प्रस्तुति देकर समां बांधेंगे। उन्होंने बताया कि उत्सव में प्रतिदिन अतिथि कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। दोपहर 12 से दो बजे तक स्कूली बच्चे कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे, जबकि दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

130 दुकानों पर खानपान, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की बहार

इस बार ब्रजरज उत्सव के लिए धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड को आकर्षक अंदाज में सजाया जा रहा है। मेले में खरीदारी, खानपान, हस्तशिल्प और मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मेला स्थल पर कुल 130 दुकानें बनाई जा रही हैं। इनमें 30 दुकानें फूड कोर्ट, 20 हुनर हाट, 20 हस्तशिल्प, 20 एक जनपद-एक उत्पाद और 20 ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों के लिए निर्धारित की गई हैं।

वहीं, 20 दुकानें विभिन्न सरकारी विभागों के लिए रखी गई हैं, जहां विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन करेंगे। मेले में आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए झूलों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मेला स्थल के सामने मैदान में पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आगंतुकों को किसी तरह की असुविधा न हो।

आकर्षण का केंद्र बनेगा गोकुल गांव

इस बार ब्रजरज उत्सव में गोकुल गांव विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि गोकुल गांव की थीम पर एक विशेष स्थल विकसित किया जा रहा है, जहां ब्रज के प्राचीन ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलेगी।

यहां प्राचीन घर, गायों और ग्रामीण परिवेश के माध्यम से पारंपरिक गांव का स्वरूप साकार किया जाएगा। इस पहल के जरिए आगंतुकों को ब्रज की लोक संस्कृति, परंपराओं और पुरानी ग्रामीण जीवनशैली से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।