मथुरा: राधाष्टमी पर 3000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, बरसाना में आज रात से वाहनों का प्रवेश बंद
बरसाना में 18 और 19 सितंबर को राधा अष्टमी पर्व मनाया जाएगा, जिसमें 30-35 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, मथुरा। 18 और 19 सितंबर को बरसाना में राधा अष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। राधा उत्सव में प्रदेश और देशभर से करीब 30 से 35 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
आगरा जोन से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया है। अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस बार श्रीजी मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए श्रीजी गेट और पीली कोठी से दो मार्ग निर्धारित किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए 38 होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
325 स्थानों से सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी होगी, जबकि पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में केंद्रीयकृत कंट्रोल रूम बनाया गया है। निकास के लिए जयपुर मंदिर की ओर एकल दिशा मार्ग रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था में आठ अपर पुलिस अधीक्षक, 36 क्षेत्राधिकारी और करीब तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
तीन स्थानों से ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए 10 स्थानों पर एंबुलेंस और 10 स्थानों पर फायर टीमों की तैनाती की गई है। मंदिर में पोर्टेबल फायर उपकरण भी रखे जाएंगे। स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए आधार कार्ड के आधार पर पास जारी किए जाएंगे और उन्हें निर्धारित समय पर ही प्रवेश की अनुमति होगी।
थर्ड जेंडर श्रद्धालुओं को भी लाइन के माध्यम से दर्शन कराया जाएगा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच एंटी रोमियो स्क्वाड और सादा वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। आयोजन से एक दिन पूर्व आपातकालीन सेवाओं और वाहनों की आवाजाही का ड्राई रन भी किया जाएगा।
गुरुवार रात से वाहनों का प्रवेश बंद
राधारानी के जन्मोत्सव राधाष्टमी पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के बरसाना पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। गुरुवार रात आठ बजे से कस्बे में छोटे-बड़े सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे से बाइक और ई-रिक्शा भी कस्बे में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
राधारानी के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं का आवागमन शुक्रवार शाम से ही शुरू हो जाएगा। श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए वाहनों को कस्बे से बाहर ही रोकने की व्यवस्था की गई है। एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि गुरुवार रात आठ बजे से कस्बे में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश रोक दिया जाएगा।
बरसाना थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में 88 बैरियर और 50 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वीआइपी वाहनों के लिए यादव मुहल्ला तिराहा और पीडब्ल्यूडी में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यातायात व्यवस्था को देखते हुए इस बार भंडारे भी कस्बे के बाहर लगाए जाएंगे।
तीन से पांच किलोमीटर पैदल चलेंगे श्रद्धालु
राधाष्टमी पर श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर करीब तीन से पांच किलोमीटर पैदल चलकर बरसाना पहुंचना होगा। कोसीकलां की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को संकेत और छोटे वाहनों को गाजीपुर पर रोका जाएगा। छाता की ओर से आने वाले सभी वाहनों को श्रीनगर मोड़ पर रोकने की व्यवस्था की गई है।
कामां की ओर से आने वाले वाहनों को राधाबाग पर रोका जाएगा। गोवर्धन की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को जरेला चौराहा और क्रेशर के समीप तथा छोटे वाहनों को पेट्रोल पंप और गोवर्धन ड्रेन के समीप रोका जाएगा।
