बरसाना परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्व स्तरीय सुविधाएं, बनेगा विश्राम स्थल और कैफेटेरिया
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण बरसाना परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल, कैफेटेरिया और पार्किंग सुविधा विकसित कर रहा है। ...और पढ़ें

बरसाना में परिक्रमा मार्ग, यहां श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित होंगी।
HighLights
राधारानी की लीलाओं को दर्शाने वाली आध्यात्मिक गैलरी बनेगी।
11 करोड़ की लागत से श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं।
जागरण संवाददाता, मथुरा। बरसाना आने वाले श्रद्धालुओं को परिक्रमा मार्ग में विश्राम स्थल और कैफेटेरिया की सुविधा मिलने जा रही है। पार्किंग सुविधा भी होगी। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने बरसाना के परिक्रमा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुविधाओं के विस्तार के लिए योजना तैयार की है।
लगभग एक हेक्टेयर क्षेत्र में विश्राम स्थल का निर्माण किया जाएगा। राधारानी की लीलाएं भी यहां श्रद्धालु जान सकेंगे। एक गैलरी का निर्माण किया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत आएगी। राधारानी रानी की नगरी बरसाना देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र हैं।
यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन और परिक्रमा करने आते हैं। यह विश्राम स्थल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भी जोड़ेगा। परिसर में गैलरी का निर्माण किया जाएगा, जिसमें राधारानी की विभिन्न लीलाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। राधारानी की लीलाओं को दर्शाने वाले चित्र लगाए जाएंगे।
जिससे यहां आने वाले भक्त उनकी अलौकिक लीलाओं के बारे में सहजता से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। धार्मिक यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना में कई अन्य उपयोगी सुविधाओं को भी शामिल किया गया है।
एक कैफेटेरिया विकसित किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुलभ खान-पान की सुविधा मिलेगी। यातायात को सुगम बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए वाहन पार्किंग क्षेत्र का निर्माण भी किया जाएगा। विश्राम स्थल पर चारों तरफ पाथ वे का निर्माण किया जाएगा। बैठने के लिए सीट लगाई जाएंगी।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की इस योजना का उद्देश्य ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं के अनुभव को और अधिक सुखद और सुगम बनाना है। परिक्रमा मार्ग पर बुनियादी ढांचे के विकास से न केवल स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी विश्व स्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार ने बताया कि कार्य जल्द गति पकड़ेगा। श्रद्धालुओं को ज्यादा से ज्यादा सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।
73 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बरसाना में पिछले वर्ष 73 लाख श्रद्धालुओं ने राधारानी के दर्शन किए। यहां राधाष्टमी और लठामार होली आकर्षण का केंद्र रहती है।
