मथुरा में दर्दनाक हादसा, दिल्ली हाईवे पर डंपर ने स्कूटी को रौंदा; BBA छात्रा की मौत
मथुरा में आगरा-दिल्ली हाईवे पर एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को रौंद दिया, जिससे बलिया की 23 वर्षीय बीबीए ...और पढ़ें

सड़क दुर्घटना में मृतक छात्रा की फाइल फोटो।
संवाद सूत्र, चौमुहां (मथुरा)। आगरा-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार की सुबह तेज गति से दौड़ रहे डंपर ने स्कूटी को रौंद दिया। दुर्घटना में बलिया की छात्रा की मृत्यु हो गई। छात्रा यहां रहकर हाईवे स्थित एक निजी विश्वविद्यालय से बीबीए कर रही थी। हादसा के बाद स्वजन मौके पर आए और पुलिस से घटना की जानकारी की।
मूल रूप से बलिया जिले के सिकंदरपुर निवासी प्रद्युम्ननाथ तिवारी की 23 वर्षीय पुत्री अंकिता मथुरा में हाईवे स्थित एक निजी विश्वविद्यालय से बीबीए कर रहीं थीं। इसी विश्वविद्यालय से अंकिता का भाई अंशुमन भी पढ़ाई कर रहा है। दोनों भाई-बहन वृंदावन स्थित ओमेक्स सिटी में अपने फूफा भूपेश्वर तिवारी के यहां रहकर पढ़ाई करते थे। शुक्रवार सुबह 10 बजे दोनों स्कूटी से विश्वविद्यालय जा रहे थे।
जैंत थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर जैंत कट पर वे पहुंचे। तभी कंक्रीट से भरे डंपर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। डंपर का पहिया अंकिता को रौंदता हुआ निकल गया। अंकिता की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं भाई अंशुमन घायल हो गया।
कुछ देर में अंकिता के फूफा आदि लोग आ गए। थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया, प्रार्थना पत्र पर प्राथमिकी दर्ज कर वाहन की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।
