Move to Jagran APP

किसान आंदोलन को हर घर दे एक व्यक्ति

किसान आंदोलन के समर्थन में शनिवार को बाजना इंटर कालेज मैदान में ह

By JagranEdited By: Published: Sun, 31 Jan 2021 04:55 AM (IST)Updated: Sun, 31 Jan 2021 04:55 AM (IST)
किसान आंदोलन को हर घर दे एक व्यक्ति
किसान आंदोलन को हर घर दे एक व्यक्ति

संवाद सूत्र, बाजना (मथुरा): किसान आंदोलन के समर्थन में शनिवार को बाजना इंटर कालेज मैदान में हुई खाप महापंचायत में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने हर घर से एक व्यक्ति आंदोलन को देने की अपील की। एलान किया कि रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह के जन्मदिन पर पार्टी चलो गांव की ओर अभियान शुरू करेगी। कृषि सुधार कानूनों की कमियां बता किसानों को आंदोलन में शामिल होने को जागरूक किया जाएगा।

loksabha election banner

भाकियू (टिकैत) की ओर से आयोजित महापंचायत में जयंत चौधरी ने कहा कि वे खुद 12 फरवरी से सात दिन तक मथुरा जिले के गांव-गांव में जाकर किसानों को एकता के लिए जागरूक करेंगे। उन्होंने किसानों से कहा कि वह भाजपा नेताओं से बातचीत करें। उनसे नए कृषि सुधार कानून वापस लिए जाने की बात अपने नेतृत्व को बताने को कहें। भाजपाइयों से कहें कि उनकी कोई न सुने तो वह पार्टी छोड़कर हमारे साथ आ जाएं। उन्होंने कहा, कानून बनता है तो वह बदलता भी है। जनवरी 2009 में इसी मैदान से भूमि अधिग्रहण कानून बदलने को आंदोलन किया गया था। केंद्र और राज्य सरकार को झुकना पड़ा था। कहा, किसान को अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ानी होगी।

उन्होंने महंगी बिजली पर तंज कसा। कहा, ऊर्जा मंत्री इसी जिले के हैं। ऐसे मंत्रियों का बहिष्कार करो। रालोद कार्यकर्ताओं से गाजीपुर बार्डर के आंदोलन में शामिल होने की अपील की। इन्होंने ने भी रखी बात:

सपा के विधान परिषद सदस्य संजय लाठर ने कहा, किसान झगड़ा कर सकता है, पर अपने तिरंगे का अपमान नहीं कर सकता। रालोद नेता योगेश नौहवार ने कहा, राकेश टिकैत के आंसू हर किसान के आंसू हैं। भाकियू जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर ने कहा, सरकार को कानून वापस लेना होगा। ब्लाक प्रमुख राजपाल भरंगर, सोनू प्रधान, बुद्धा सिंह प्रधान, उदयवीर सिंह, सरपंच रोहताश, देवेंद्र सिंह, चेतन मलिक, नरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह सिकरवार, रामवीर सिंह, मदन सिंह, राजकुमार मामा, प्रताप सिंह पहलवान और पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी ने भी पंचायत को संबोधित किया। अध्यक्षता रतन सिंह चौधरी और संचालन अजय सरपंच ने किया।

झूठ से मुकाबले को लड़ो:

जयंत चौधरी ने किसानों से कहा कि उनका मुकाबला झूठ से है। किसानों को आतंकवादी कहा जा रहा है। कहने वाले भाजपा के ही लोग हैं। इनसे मुकाबले को या तो आप झूठ बोलो या गुरिल्ला युद्ध करो।

बाक्स

बलदेव महापंचायत में बन सकती यमुना एक्सप्रेसवे जाम करने की रणनीति:

जासं, मथुरा: भाकियू टिकैत की ओर से जिले में बड़े आंदोलन की तैयारी की जा रही है। शनिवार को हुई पंचायत में हर घर से कम से एक व्यक्ति गाजीपुर बार्डर आंदोलन में शामिल होने और यमुना एक्सप्रेस वे पर अनिश्चितकालीन धरने के प्रस्ताव रखे गए। दोनों प्रस्तावों पर चर्चा के लिए बलदेव में रविवार को भाकियू क्षेत्र के गणमान्य लोगों की बैठक करेगी। भाकियू के जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर ने बताया कि बैठक में बलदेव में होने वाली अगली खाप महापंचायत की तिथि तय होगी। ये महापंचायत एक या दो फरवरी को हो सकती है। महापंचायत में ही दोनों प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि कोशिश की जा रही है कि इस महापंचायत में जयंत चौधरी और भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत भी आएं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.