बहुत कुछ किया, बहुत कुछ करने की तमन्ना: हेमा
सांसद फिर से कर रही हैं चुनाव लड़ने की तैयारी, नंदवन मेगा फ्रूड पार्क के भूमि पूजन कार्यक्रम की दी जानकारी
जागरण संवाददाता, मथुरा: सांसद हेमा मालिनी ने मथुरा लोकसभा क्षेत्र से एक बार फिर चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। उन्होंने अभी बहुत कुछ करने की इच्छा जताई है। उनकी तमन्ना ब्रज को खूबसूरत बनाने की है। वह चाहती हैं कि ब्रज बहुत ही सुंदर दिखे। हेमा मालिनी स्थानीय होटल में नौ फरवरी को छाता-बरसाना मार्ग पर हो रहे नंदवन मेगा फूड पार्क के भूमि पूजन समारोह की जानकारी दे रही थीं।
उन्होंने कहा कि मेगा फूड पार्क बनने से किसानों को लाभ मिलेगा और बेरोजगारों को रोजगार का मौका मिलेगा। वह ब्रज में सेवा करने की भावना से आई हैं। भगवान की इस भूमि पर बहुत काम किया और बहुत कुछ करना चाहती हैं। जो काम रह गए हैं वह भी पूरे करने हैं। उन्होंने कहा कि जब वह चुनाव लड़ने आईं थी तो यहां की सड़कें बेहद खराब थीं, काफी परेशानी होती थी। अब सड़कों का निर्माण कराया है। काम कराने में कुछ दिक्कतों का भी उन्होंने जिक्र किया।
बताया कि रेलवे स्टेशन आकर्षक नहीं था, जिसे बहुत सुंदर बनाया जा रहा है। छाता में शुगर मिल खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मथुरा में कला केंद्र और संत गृह भी होना चाहिए। सरकार बहुत अच्छे कार्य कर रही है। नंदवन मेगा फूड पार्क के चेयरमैन सुरेश चतुर्वेदी ने प्रोजेक्ट पर प्रकाश डाला। बताया कि यह प्रोजेक्ट सांसद हेमा मालिनी के प्रयास से ही मथुरा में लग सका है। नंदवन मेगा फूड पार्क का भूमि पूजन नौ फरवरी को होना है। इस दौरान पद्मश्री मोहन स्वरूप भाटिया आदि उपस्थित थे।